RANCHI: झारखंड सरकार ने राज्य के सभी जिलों में टेली आईसीयू सुविधा शुरू करने का निर्णय लिया है, जिससे मरीजों को घर के पास ही सुपर स्पेशियलिटी इलाज उपलब्ध हो सकेगा। स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक में चर्चा की गई। इस दौरान बताया गया कि अभी तक गुमला, सिमडेगा, चतरा और रांची के सदर अस्पताल टेली आईसीयू से जुड़े हुए हैं। इन अस्पतालों का मेंटर रिम्स है, जहां सुपर-स्पेशलिस्ट डॉक्टर टेली आईसीयू और एआई तकनीक की मदद से गंभीर मरीजों की निगरानी कर उन्हें परामर्श दे रहे हैं।
अपर मुख्य सचिव ने निर्देश दिया कि राज्य के सभी सदर अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में टेली आईसीयू की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही जरूरी उपकरण व मैनपावर तुरंत उपलब्ध कराया जाए। विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी को दूर करने के लिए नेशनल हेल्थ मिशन द्वारा भर्ती के विज्ञापन जारी किए गए हैं। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त नियुक्तियां की जाएंगी। पैरामेडिकल स्टाफ की कमी को आउटसोर्सिंग के माध्यम से पूरा किया जाएगा।
बैठक में मेडिकल उपकरणों की खरीद, एसएनए स्पर्श और मुख्यमंत्री अस्पताल रखरखाव योजना की समीक्षा भी की गई। जिन अस्पतालों में उपकरणों की खरीद लंबित थी, उनकी निगरानी की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर राज्य स्तर से उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।

