Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा क्षेत्र में अवैध सोना खनन का मामला सामने आया है। आरोप है कि मनोहरपुर प्रखंड की चिड़िया पंचायत स्थित बिनुवा टोला (अंकुवा) में कोयना नदी के किनारे महाराष्ट्र और केरल के तीन लोग पिछले एक सप्ताह से मशीन से सोना निकाल रहे थे। ग्रामीणों के कड़े विरोध के बाद तीनों को गांव छोड़ने का निर्देश दिया गया।
ग्राम रक्षा समिति ने की शिकायत
सूत्रों के अनुसार तीनों व्यक्ति बिनुवा गांव में एक ग्रामीण के घर ठहर कर नदी किनारे जमीन की खुदाई कर रहे थे। इस गतिविधि की जानकारी मिलते ही ग्राम रक्षा समिति ने तुरंत चिड़िया ओपी पुलिस को दूरभाष पर सूचना दी। इसमें जिन लोगों की पहचान की गई है, उनमें महाराष्ट्र के 38 वर्षीय समाधान सुरेश गुवर, महाराष्ट्र के 30 वर्षीय ऋषिकेश मानिक निचल और केरल के 54 वर्षीय अब्दुल मुत्तलिब बी. एम शामिल हैं। दावा किया जा रहा है कि तीनों पिछले एक सप्ताह से अवैध खनन में जुटे थे।
ग्रामीणों ने किया एकजुट होकर विरोध
मामले की भनक लगने पर ग्राम रक्षा समिति के सदस्यों और ग्रामीणों ने एकजुट होकर विरोध दर्ज कराया। ग्रामीणों ने संबंधित व्यक्तियों को तत्काल गांव छोड़ने का निर्देश दिया। इस दौरान ग्राम रक्षा समिति की अध्यक्ष पार्वती कोया, सचिव सरस्वती गोप, कोषाध्यक्ष पार्वती मुंडा लुहूरा समेत राज कुमार लोहार, पडूंग चेरोवा, कृष्णा कच्छप, रेखा कुमारी, गोमी समद, मालो कच्छप, शिबू कोड़ा, गरुवारी कच्छप, मालती लोहार, आरती कच्छप, बुधनी संडील, सोमा चेरोवा, सुनीता कच्छप, कूदमोनी मुंडा, पंडरी कोई सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
प्रशासन से जांच की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की जांच कर अवैध खनन पर रोक लगाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि बाहरी लोगों द्वारा की जा रही इस गतिविधि से पर्यावरण को नुकसान हो रहा है। साथ ही यह कानूनन अपराध है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

