
पलामू : जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के सब्जी बाजार (लादीगढ़ कॉम्प्लेक्स के पास) से आपसी विवाद का एक बड़ा मामला सामने आया है। यहां शुक्रवार तड़के एक दुकान और मकान में आग लगा दी गई। मकान को क्षति पहुंची है। यह संपत्ति अविनाश प्रकाश विश्वकर्मा की है। पीड़ित का आरोप है कि रास्ते के विवाद को लेकर पड़ोस के ही कुछ लोगों ने इस घटना को अंजाम दिया है।
पीड़ित अविनाश प्रकाश के मुताबिक, उनके घर और दुकान के सामने कुछ लोग टोकरी में सब्जी बेचते हैं। ये लोग अक्सर रास्ता जाम (अतिक्रमण) कर देते थे, जिससे आने-जाने में काफी दिक्कत होती थी। इसी बात को लेकर उनका पहाड़ी मुहल्ला की अफसाना खातून, सोनी बीवी और लड्डू राईन के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था। अविनाश का दावा है कि इन लोगों ने पहले भी उन्हें जान से मारने और दुकान फूंकने की धमकी दी थी। शुक्रवार सुबह उनकी दुकान में आग लगा दी गई, जिससे उनका करीब 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। आग की लपटों से मकान को भी क्षति पहुंची है।
दमकल विभाग ने संभाला मोर्चा
घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे आसपास की दूसरी दुकानें जलने से बच गईं। अविनाश ने इस मामले में पुलिस प्रशासन की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि साल 2023 में उन्होंने जनता दरबार में शिकायत की थी, जिसके बाद पुलिस ने अस्थाई तौर पर रास्ता साफ कराया था।
अगस्त 2025 में मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में दोबारा अतिक्रमण हटाया गया, लेकिन सब्जी वाले फिर वहीं बैठ गए। अप्रैल 2026 में पलामू एसपी से लिखित शिकायत की गई। आरोपियों को थाने भी लाया गया, लेकिन बिना कार्रवाई के छोड़ दिया गया। पीड़ित का कहना है कि अगर पुलिस पहले ही सख्त कदम उठाती, तो आरोपियों के हौसले इतने नहीं बढ़ते।
इस मामले में शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है, लेकिन पीड़ित पक्ष की तरफ से अभी तक कोई लिखित शिकायत (आवेदन) नहीं दी गई है। जैसे ही लिखित शिकायत मिलती है, पुलिस मामले की जांच कर कानूनी कार्रवाई करेगी।
Read Also: Palamu Crime News : पलामू में भैंस चराने गए बुजुर्ग की संदिग्ध मौत; परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

