
लातेहार: लातेहार जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। बालूमाथ थाना क्षेत्र के आरा गांव में तालाब में नहाने गए तीन सगे भाई-बहनों की डूबने से मौत हो गई। इस हादसे के बाद से पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
मिली जानकारी के मुताबिक, यह दुखद घटना शुक्रवार को उस वक्त हुई जब तीनों बच्चे घर के पास ही एक तालाब में नहाने गए थे।
नहाने के दौरान बच्चे पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लगा पाए और गहरे पानी में चले गए। एक-दूसरे को बचाने के चक्कर में तीनों मासूम डूब गए। मृत बच्चों में दो लड़कियां और एक लड़का शामिल है, जिनकी उम्र महज 3 से 9 साल के बीच बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही आस-पास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। बच्चों को पानी से बाहर निकालकर आनन-फानन में नजदीकी बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया। हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी। अस्पताल के डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया।
मामले की जानकारी मिलते ही बालूमाथ थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तीनों मासूमों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेज दिया है। एक ही घर के तीन चिराग बुझ जाने से पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
Read Also: Jamshedpur News : एक पल की चूक और बुझ गई जिंदगी, तालाब में डूबने से बच्चे की मौत

