Chaibasa : झारखंड सरकार ने केंदु पत्ता तोड़ने वाले मजदूरों को बड़ी राहत दी है। सरकार ने मजदूरी दर में बढ़ोतरी कर 1000 पोला (गड्डी) केंदु पत्ता संग्रह पर 2035 रुपये भुगतान तय किया है। नई दर 30 जून 2026 तक लागू रहेगी। झामुमो जिला प्रवक्ता बुधराम लागुरी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर सरकार के इस फैसले का स्वागत किया।
सरकार का फैसला स्वागत योग्य: झामुमो
झामुमो जिला प्रवक्ता लागुरी ने कहा कि राज्य सरकार ने केंदु पत्ता मजदूरों के हित में सराहनीय कार्य किया है। मजदूरी दर में वृद्धि से राज्य के हजारों आदिवासी एवं ग्रामीण परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा। इन परिवारों की आजीविका काफी हद तक केंदु पत्ता संग्रह पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि यह कदम ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण है।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार मजदूरी बढ़ाने का उद्देश्य मजदूरों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करना और वन आधारित रोजगार को बढ़ावा देना है। पहले मजदूरों को कम दर पर भुगतान होता था, जिससे उन्हें आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ता था। नई दर लागू होने से उनकी आय में सुधार होगा।
समय पर भुगतान के निर्देश
बुधराम लागुरी ने बताया कि कुछ क्षेत्रों से भुगतान में देरी और व्यवस्था संबंधी शिकायतें सामने आती रही हैं। इस पर सरकार ने संबंधित विभागों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए हैं।
मजदूरों ने जताई खुशी
स्थानीय मजदूरों ने मजदूरी वृद्धि के निर्णय का स्वागत किया है। मजदूरों का कहना है कि बढ़ी हुई दर से उनकी मेहनत का सही मूल्य मिलेगा और परिवार चलाने में आसानी होगी। सरकार के इस फैसले से केंदु पत्ता संग्रह कार्य में लगे लोगों में उत्साह है।

