Giridih : झारखंड के गिरिडीह जिले के जमुआ थाना क्षेत्र के घोरंजो गांव में मंगलवार को जमीन विवाद ने अचानक उग्र रूप ले लिया। गैरमजरुआ जमीन को लेकर चल रहे विवाद में दो पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते मामला पथराव तक पहुंच गया। कुछ समय के लिए सड़क पर भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
गौरतलब है कि एक पक्ष द्वारा जमीन पर काम शुरू करने की कोशिश की जा रही थी, जिसका दूसरे पक्ष ने विरोध किया। इसी दौरान दोनों तरफ से लोग इकट्ठा हो गए और कहासुनी के बाद पत्थरबाजी शुरू हो गई। हालांकि यह स्थिति ज्यादा देर तक नहीं रही।
घटना की सूचना मिलते ही जमुआ थाना प्रभारी विभूति देव गश्ती दल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस की तत्परता से दोनों पक्षों को शांत कराया गया। इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन एहतियात के तौर पर इलाके में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जमुआ के अंचल अधिकारी नरेश कुमार वर्मा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाते हुए कहा कि किसी भी विवाद की स्थिति में प्रशासन से संपर्क करना चाहिए, न कि कानून को अपने हाथ में लेना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि पथराव में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए खोरी महुआ अनुमंडल पदाधिकारी के निर्देश पर इलाके में बीएनएस की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी।
Read also Jamshedpur News: जमशेदपुर में ट्रेन की चपेट में आने से वृद्ध की मौत, जानें क्यों हुआ हादसा

