
पलामू : मेदिनीनगर के चियांकी में गुरुवार को फोरलेन हाईवे के निर्माण कार्य को लेकर भारी हंगामा हो गया। प्रशासन पुलिस की टीम के साथ जमीन अधिग्रहण करने पहुंचा था। इस क्रम में स्थानीय ग्रामीणों की तीखी बहस हो गई। देखते ही देखते हिंसक झड़प शुरू हो गई। गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। इसमें जैप जवान राजमोहन सिंह और सहायक पुलिस की महिला जवान प्रिया सिंह घायल हो गईं। दोनों घायल जवानों को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी राजेश यादव सहित कई बड़े अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए हैं। स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और पुलिस वहां कैंप कर रही है। हंगामे के दौरान ग्रामीणों ने कुछ देर के लिए नेशनल हाईवे को भी जाम कर दिया था।
जमीन अधिग्रहण और उसके मुआवजे को लेकर विवाद
पूरा विवाद नेशनल हाईवे फोरलेन के लिए चियांकी इलाके में जमीन अधिग्रहण और उसके मुआवजे को लेकर है। ग्रामीणों का आरोप है कि उन्हें प्रशासन की तरफ से अभी तक जमीन का उचित मुआवजा नहीं मिला है। बगैर मुआवजा दिए वहां निर्माण कार्य शुरू कराया जा रहा है। टकराव की आशंका को देखते हुए सदर एसडीएम संजय पांडेय ने पहले ही चियांकी इलाके में 9 और 10 जुलाई के लिए निषेधाज्ञा (धारा 144) लागू कर दी थी।
बातचीत से समाधान की कोशिशें जारी
गुरुवार को जब प्रशासनिक टीम काम शुरू कराने और जमीन का कब्जा लेने पहुंची, तो ग्रामीण विरोध पर उतर आए। बात बढ़ने पर पथराव शुरू हो गया। सदर थाना प्रभारी अफजल अंसारी ने बताया कि पथराव में कुछ जवानों को चोटें आई हैं। मौके पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी ग्रामीणों को समझाने और मामले को शांत कराने की कोशिश में जुटे हैं। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।

