
Jamshedpur : द कैंटीन होटल एंड रेस्टोरेंट वर्कर्स यूनियन से संबद्ध गोलमुरी क्लब कर्मचारियों की यूनियन का चुनाव शनिवार को शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से संपन्न हुआ। चुनाव प्रक्रिया के बाद कर्मचारियों ने एक बार फिर राकेश्वर पांडे पर विश्वास जताते हुए उन्हें सर्वसम्मति से यूनियन का अध्यक्ष चुन लिया।
चुनाव में बी. के. डिंडा को कार्यकारी अध्यक्ष तथा ददन सिंह को सर्वसम्मति से महासचिव निर्वाचित किया गया। वहीं कमेटी सदस्यों के चुनाव के लिए निर्वाचन पदाधिकारी अंजनी कुमार एवं सह-निर्वाचन पदाधिकारी मनीष की देखरेख में गुप्त मतदान (सीक्रेट बैलेट) कराया गया।
मतगणना के बाद गगन कुमार सिंह, राजू नाग और राजेश पाठक को कमेटी सदस्य निर्वाचित घोषित किया गया। चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक इसमें भाग लिया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष राकेश्वर पांडे ने सभी निर्वाचित पदाधिकारियों एवं कमेटी सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि यूनियन की ताकत उसकी एकजुटता में निहित है उन्होंने नए और पुराने सभी सदस्यों से मिलकर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के अधिकारों, कल्याण और बेहतर कार्य वातावरण सुनिश्चित करने के लिए यूनियन आगे भी सक्रिय भूमिका निभाती रहेगी। चुनाव के उपरांत धन्यवाद ज्ञापन के साथ सभा का समापन किया गया।

