
Jamshedpur: पूर्वी सिंहभूम जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। शनिवार को समाहरणालय सभागार में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक आयोजित हुई। बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब सहित प्रशासन, पुलिस और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे, जबकि सभी अंचलाधिकारी और थाना प्रभारी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े।
बैठक में जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के विरुद्ध की गई कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के आदेश के तहत सभी बालू घाटों से बालू उठाव पर पूर्ण प्रतिबंध के अनुपालन, वन क्षेत्रों में अवैध उत्खनन, बिना पंजीकरण वाले वाहनों की धरपकड़ तथा ओवरलोडेड वाहनों पर की गई कार्रवाई की भी समीक्षा की गई।
उपायुक्त राजीव रंजन ने पिछले महीने हुई कार्रवाई को संतोषजनक नहीं बताते हुए अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अवैध खनन रोकने में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ नियमों के तहत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जिला खनन पदाधिकारी सतीश नायक ने बताया कि जून माह में कुल 16 कार्रवाई के दौरान 511 टन बालू और 44 टन पत्थर, यानी कुल 555 टन अवैध खनिज जब्त किया गया। इस दौरान दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई तथा 16 वाहनों को जब्त किया गया। इसके अलावा अवैध खनिज कारोबार से जुड़े लोगों से 35.62 लाख रुपये का जुर्माना भी वसूला गया।
उपायुक्त ने कहा कि जनहित और राज्यहित को ध्यान में रखते हुए खनन गतिविधियों को पूरी तरह कानून के दायरे में संचालित करना सभी संबंधित विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रशासन अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए आगे भी सख्त अभियान जारी रखेगा।
बैठक में डीएफओ सबा आलम अंसारी, रूरल एसपी शुभम खंडेलवाल, एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा, डीटीओ दिलीप कुमार, जिला खनन पदाधिकारी सतीश नायक सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
इसे भी पढ़ें – Jamshedpur Doctors Death Mystery : डिमना लेक में दो जूनियर डॉक्टरों की मौत का रहस्य गहराया, बार बार बयान बदल रहा है तीसरा जूनियर डॉक्टर

