
चाईबासा : मारवाड़ी युवा मंच चाईबासा जागृति शाखा का वार्षिक शपथ ग्रहण समारोह होटल सैफरन स्वीट्स में धूमधाम से मनाया गया। समारोह में नई कार्यकारिणी ने पदभार ग्रहण किया और संस्था की 15 पूर्व अध्यक्षों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रांची से आए प्रांतीय अध्यक्ष विशाल पड़िया ने चंदा अग्रवाल को लगातार दूसरी बार अध्यक्ष पद की शपथ दिलाई। शपथ के बाद उन्होंने चंदा अग्रवाल को बधाई दी और कहा कि राष्ट्रीय और प्रांतीय स्तर पर शाखा ने जो उपलब्धियां हासिल की हैं, वह सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि आज की नारी अब कमजोर नहीं, बल्कि समाज की ताकत बन चुकी है।
नई टीम ने ली शपथ
प्रांतीय कोषाध्यक्ष विकास झांझरिया ने सचिव रिंकी अग्रवाल, कोषाध्यक्ष खुशबू दोदराजका, उपाध्यक्ष प्रीति दोदराजका, प्रेस प्रभारी दीपा दोदराजका और सह-सचिव निकिता सुल्तानिया सहित अन्य पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। राष्ट्रीय संयोजक जोन-2 हर्ष सुल्तानिया और प्रांतीय मुख्यालय उपाध्यक्ष श्वेता जलान ने कार्यकारिणी के सदस्यों को शपथ ग्रहण कराया।
15 पूर्व अध्यक्षों का हुआ सम्मान
प्रांतीय संयोजक प्रेस, जनसंपर्क एवं प्रचार-प्रसार अमित शर्मा के विशेष अभियान ‘सृजन से सम्मान तक’ के तहत शाखा की 15 पूर्व अध्यक्षों को सम्मानित किया गया। शाखा की संस्थापक अध्यक्ष प्रेमलता अग्रवाल को दुपट्टा और स्मृति चिह्न देकर विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
बाल कांवड़ यात्रा की भी हुई चर्चा
समारोह में आगामी बाल कांवड़ यात्रा की रूपरेखा और तैयारियों की जानकारी भी दी गई। आयोजन को सफल बनाने में संयोजिका ऋचा अग्रवाल, प्रीति दोदराजका, नीतू टिंबरेवाल और जागृति शाखा की पूरी टीम की सक्रिय भूमिका रही। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

