
रांची : राज्यपाल संतोष गंगवार ने कहा कि देश के युवा अनुशासन, राष्ट्रप्रेम और ईमानदारी को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं। देश को आगे ले जाने में हर नागरिक का योगदान बहुत मायने रखता है।
वे रविवार को इटकी रोड स्थित एक बैंक्वेट हॉल में वेटरन ऑर्गेनाइजेशन ऑफ झारखंड द्वारा करगिल विजय दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने अमर शहीदों को नमन किया और पूर्व सैनिकों व उनके परिवारों के प्रति अपना सम्मान जताया।
करगिल युद्ध में भारतीय जवानों की वीरता और उनके पराक्रम की याद में रांची में यह खास कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। राज्यपाल ने कहा कि करगिल की जीत सिर्फ एक जंग जीतने की बात नहीं है, बल्कि यह हमारे जवानों के बेजोड़ पराक्रम और देश के प्रति उनके समर्पण की मिसाल है। 1999 में बर्फीली और कठिन चोटियों पर भारतीय सेना ने जिस तरह दुश्मन को खदेड़ा, उसने पूरी दुनिया को यह संदेश दिया कि भारत अपनी मातृभूमि की एक-एक इंच जमीन की सुरक्षा के लिए पूरी तरह सक्षम है।
अटल जी के दृढ़ फैसलों को किया याद
राज्यपाल ने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के मजबूत नेतृत्व को याद करते हुए कहा कि उनके दृढ़ फैसलों ने भारत की ताकत का अहसास कराया। अंतरराष्ट्रीय दबाव के बावजूद अटल जी ने साफ कह दिया था कि जब तक हमारी सीमा से दुश्मन पूरी तरह पीछे नहीं हट जाता, तब तक बातचीत का कोई सवाल ही नहीं उठता। इसी इच्छाशक्ति के दम पर देश ने अपनी संप्रभुता की रक्षा की।
सुरक्षित भारत और मजबूत रक्षा प्रणाली
अपने भाषण में उन्होंने कहा कि सीमाओं पर तैनात सैनिकों की दिन-रात की मुस्तैदी की वजह से ही पूरा देश चैन की नींद लेता है। जब हम अपने घरों में त्योहार मना रहे होते हैं, तब हमारे जवान शून्य से नीचे के तापमान में भी देश की पहरेदारी कर रहे होते हैं।
आज के दौर का जिक्र करते हुए राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश अब रक्षा के क्षेत्र में पूरी तरह आत्मनिर्भर बन रहा है। भारत अब अपने हथियार खुद बना रहा है और हमारी सेनाएं पहले से कहीं ज्यादा आधुनिक और शक्तिशाली हो चुकी हैं।
कार्यक्रम के दौरान करगिल युद्ध में भाग लेने वाले वीरों और शहीद जवानों के परिजनों को सम्मानित भी किया गया। देशभक्ति के गीतों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने वहां मौजूद हर शख्स के दिल में गर्व और देशभक्ति की भावना भर दी।
सीएम ने वीर सैनिकों को किया नमन
कारगिल विजय दिवस पर सीएम हेमंत सोरेन ने अपने ट्वीट में देश की आन, बान और शान की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले सेना के वीर जांबाजों को कारगिल विजय दिवस के अवसर पर शत-शत नमन किया। इस अवसर पर उन्होंने देश के वीर सैनिकों, उनके परिवारजनों समेत समस्त देशवासियों को भी नमन किया।

