
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र स्थित मध्य विद्यालय कसीरा में शुक्रवार रात चोरों ने धावा बोल दिया। अज्ञात चोरों ने स्कूल के ऑफिस, आईसीटी लैब और स्टोर रूम के ताले तोड़कर नकदी और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।
सुबह खुला चोरी का राज
शनिवार सुबह जब बच्चे और रसोइया स्कूल पहुंचे तो उन्होंने देखा कि मुख्य दरवाजों के ताले टूटे हुए हैं और अंदर सामान बिखरा पड़ा है। इसके बाद तुरंत शिक्षकों को जानकारी दी गई। मौके पर पहुंचे शिक्षकों ने जांच की तो पता चला कि ऑफिस की अलमारी से 5000 रुपये नकद गायब हैं। विभाग द्वारा उपलब्ध कराई गई आईसीटी लैब की टैबलेट भी नहीं मिली। चोरों ने मिड डे मील के लिए रखे चावल के गोदाम का ताला भी तोड़ दिया था, लेकिन वहां से अनाज नहीं ले गए। घटना की सूचना तत्काल शिक्षा विभाग और जगन्नाथपुर पुलिस को दी गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही जगन्नाथपुर थाना की पुलिस टीम स्कूल पहुंची और घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं ताकि चोरों की पहचान हो सके। स्कूल के शिक्षकों और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
ग्रामीणों ने जताई नाराजगी
इस चोरी की घटना से ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल परिसर में चारदीवारी नहीं होने के कारण असामाजिक तत्व आसानी से अंदर घुस जाते हैं। पहले भी यहां छोटी-मोटी घटनाएं हो चुकी हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से स्कूल की सुरक्षा बढ़ाने और चारदीवारी बनवाने की मांग की है।
जल्द किया जाएगा आरोपियों को गिरफ्तार
शिक्षकों ने बताया कि टैबलेट और नकदी के अलावा कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज भी बिखरे मिले। आईसीटी लैब में लगे अन्य उपकरणों को भी नुकसान पहुंचा है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद किया जाएगा।

