
रांची : इंतजार की घड़ियां खत्म होने जा रही है। बड़ी संख्या में फुटबॉल के फैंस मोराबादी पहुंचने लगे हैं। झारखंड की राजधानी रांची में आज रविवार की शाम से फुटबॉल का महाकुंभ ‘डूरंड कप’ शुरू होने जा रहा है। ऐतिहासिक 135वें डूरंड कप फुटबॉल टूर्नामेंट के मुकाबले मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में खेले जाएंगे। यह भव्य आयोजन 26 जुलाई से शुरू होकर 16 अगस्त तक चलेगा।
फुटबॉल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। मैच देखने के लिए रांची शहर के अलावा आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में फैंस मोराबादी पहुंचने लगे हैं। दर्शकों की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए रांची ट्रैफिक पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद हो गई है।
ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और लोगों की सहूलियत के लिए ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने विस्तृत एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने शहरवासियों से अपील की है कि मैच के दौरान मोरहाबादी की तरफ अपने चार पहिया (फोर-व्हीलर) वाहन ले जाने से बचें, ताकि सड़कों पर जाम की स्थिति न बने।

पार्किंग की व्यवस्था
यूनिवर्सिटी फुटबॉल मैदान मोरहाबादी : खूंटी, जमशेदपुर, गुमला, लोहरदगा, रामगढ़, रातू, कांके और पिठोरिया की ओर से आने वाले दर्शक अपने वाहन कांके रिंग रोड, चांदनी चौक और राम मंदिर होते हुए यहां पार्क कर सकते हैं।
टीआरआई मैदान (मंदिर मैदान) : टाटीसिलवे, खेलगांव, बूटी मोड़, रिम्स, बरियातू, करमटोली और जेल चौक की तरफ से आने वाली गाड़ियों के लिए टीआरआई मैदान में पार्किंग बनाई गई है।
आर्मी मैदान: धुर्वा, डोरंडा, मेन रोड, लालपुर, कांटाटोली, हरमू और अरगोड़ा क्षेत्र से आने वाले दर्शकों के वाहन आर्मी मैदान में खड़े किए जाएंगे।
मोरहाबादी परेड मैदान: इस जगह को वीआईपी और मीडिया पास वाले वाहनों की पार्किंग के लिए आरक्षित रखा गया है।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, मैच के दौरान स्टेडियम के आसपास भीड़ अधिक बढ़ने पर कुछ रास्तों पर गाड़ियों की आवाजाही रोकी जा सकती है या उनका रूट बदला जा सकता है। इसलिए आम लोगों को सलाह दी गई है कि वे मैच के समय थोड़ा अतिरिक्त समय निकालकर घर से निकलें और वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें।

