
चाईबासा : अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला समिति की सृजन शाखा, चाईबासा द्वारा रविवार को पुलिस लाइन परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। समिति के “हरित क्षेत्र” अभियान के तहत यहां विभिन्न प्रजातियों के फलदार पौधे लगाए गए। इस पहल में पुलिस लाइन के हेड मेजर मानसू गोप और सार्जेंट प्रतीक कुमार ने विशेष सहयोग दिया। उनके सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
लगाए गए फलदार पौधे
कार्यक्रम के तहत पुलिस लाइन परिसर में आम, अमरूद, केला, लीची, अनार, संतरा, चीकू, नारियल, पपीता और नींबू के पौधे रोपे गए। समिति का उद्देश्य आने वाले वर्षों में इस क्षेत्र को हरियाली से भरना है ताकि यहां शुद्ध हवा, छाया और पौष्टिक फल सभी को उपलब्ध हो सकें। समिति की अध्यक्ष रुचि चौबे ने कहा कि पेड़-पौधे पर्यावरण के लिए जीवनदायिनी हैं। बढ़ते प्रदूषण और गर्मी को देखते हुए हर व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए। उन्होंने कहा कि इस अभियान का मकसद सिर्फ पौधारोपण करना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ी के लिए स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण तैयार करना है।
पुलिस प्रशासन ने ली देखभाल की जिम्मेदारी
पुलिस लाइन प्रशासन ने इन पौधों की नियमित देखभाल और सुरक्षा का दायित्व लिया है। हेड मेजर मानसू गोप ने कहा कि पुलिस लाइन में हरियाली बढ़ाने से जवानों को भी स्वच्छ वातावरण मिलेगा। उन्होंने समिति की इस पहल की सराहना की।
समिति की सदस्य रहीं मौजूद
इस अवसर पर समिति की कोषाध्यक्ष श्वेता शर्मा, नरेड़ी प्रेस प्रभारी स्वाति पड़िया, सुजाता नरेड़ी, प्रीति अग्रवाल, निशु अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में समिति की सदस्याएं उपस्थित रहीं। सभी ने मिलकर पौधे लगाए और उनकी सुरक्षा का संकल्प लिया।कार्यक्रम के अंत में समिति ने आम जनता से अपील की कि वे अपने घर, स्कूल और मोहल्ले में वृक्षारोपण करें और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाएं। समिति ने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रम जिले के विभिन्न स्थानों पर आयोजित किए जाएंगे।

