
Jamshedpur : आजादनगर थाना क्षेत्र के जाकिरनगर में रविवार सुबह एक 28 वर्षीय विवाहिता ने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान अकीदा खातून के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अकीदा खातून अपनी बहन के साथ जाकिरनगर में रहती थी, जबकि उसका पति राजा हैदराबाद में नौकरी करता है। बताया जा रहा है कि वह पिछले करीब चार महीनों से घर नहीं आया था। रविवार सुबह लगभग सात बजे अकीदा की अपने पति से फोन पर बातचीत हुई। बातचीत खत्म होने के कुछ देर बाद उसने कथित तौर पर फांसी लगा ली।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने आनन-फानन में उसे फंदे से उतारकर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर आजादनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। यह घरेलू विवाद, मानसिक तनाव या किसी अन्य कारण से जुड़ा मामला है, इसका खुलासा पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस का कहना है कि जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

