Gumla (Jharkhand) : झारखंड के गुमला जिले के रायडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत पुराना रायडीह गांव में एक लड़की की टांगी से मारकर हत्या कर दी गयी। जानकारी के अनुसार मृतका के प्रेमी ने ही इस घटना को अंजाम दिया। प्रेमी व प्रेमिका लिव इन रिलेशन में रह रहे थे। इस मामले में रायडीह थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
एक सप्ताह पूर्व प्रेमिका को अपने घर ले गया था आरोपी
परिजनों ने बताया कि सुमन बिना शादी किए ही लड़की के साथ लिव इन रिलेशन में रहता था। एक सप्ताह पूर्व उसे अपने घर लाया था। तभी से दोनों के बीच मन-मुटाव और आपसी विवाद होते रहता था। सोमवार की रात भी दोनों के बीच विवाद हुआ और सुमन ने गुस्से में टांगी से अपनी प्रेमिका पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतका नाबालिग और गर्भवती थी। आरोपित चार माह पूर्व लड़की के घर गया था और बीस दिन वहीं रहा था। मृतका धर्मजयगढ़ छत्तीसगढ़ की रहने वाली थी।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही रायडीह पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सुमन यादव (19 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि पूरे मामले की गहन जांच पड़ताल की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
READ ALSO: JHARKHAND NEWS: राज्यपाल ने झारखंड MSME विधेयक-2025 को दी मंजूरी, जानें क्या होगा उद्योगों को फायदा

