रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को प्रोजेक्ट भवन में आयोजित समारोह में नव नियुक्त इंटर और स्नातक प्रशिक्षित 319 सहायक आचार्यों और 17 महिला पर्यवेक्षकों को नियुक्ति पत्र सौंपा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि नौकरी सिर्फ तनख्वाह पाने के लिए नहीं, बल्कि झारखंड के समग्र विकास को लक्ष्य बनाकर करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार विभिन्न विभागों में मानव संसाधन को मजबूत करने का काम कर रही है, ताकि विकास की गति तेज हो सके।
चार माह में 9000 शिक्षकों की नियुक्ति
मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते चार माह में राज्य सरकार ने करीब 9000 शिक्षकों की नियुक्ति की है, जबकि पिछले दो वर्षों में 15 से 16 हजार नियुक्तियां की जा चुकी हैं। आने वाले दो-तीन माह में भी नई नियुक्तियां की जाएंगी। उन्होंने कहा कि आज देश भर में पेपर लीक की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन झारखंड इससे अछूता है और यहां पारदर्शी तरीके से लगातार नियुक्तियां हो रही हैं।
कुपोषण राज्य के लिए अभिशाप
उन्होंने कहा कि कुपोषण राज्य के लिए बड़ा अभिशाप है और महिला पर्यवेक्षकों को इससे लड़ने के लिए गंभीरता से काम करना होगा, ताकि राज्य की महिलाएं और बच्चे सुरक्षित रह सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि अक्सर खबरें आती हैं कि शिक्षक सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में जाने से कतराते हैं, लेकिन राज्य के विकास के लिए गांवों तक पहुंचना जरूरी है। उन्होंने नवनियुक्त शिक्षकों से कहा कि अब वे सरकार का अंग हैं और उनके माध्यम से सरकार गांव-गांव तथा घर-घर तक पहुंचेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की योजनाओं का सकारात्मक असर दिख रहा है। उन्होंने कहा कि मंईयां सम्मान योजना के कारण अब बेटियां आगे बढ़ रही हैं और बड़ी जिम्मेदारियां संभाल रही हैं। उन्होंने खूंटी की एक बेटी को डिप्टी कलेक्टर का नियुक्ति पत्र सौंपने का जिक्र करते हुए कहा कि इससे उन्हें काफी खुशी मिली।
क्या बोले संसदीय कार्य
समारोह में संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि नियुक्ति के साथ ही शिक्षकों पर समाज की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी आ जाती है। उन्होंने शिक्षकों से अपनी जिम्मेदारी ईमानदारी और निष्ठा से निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य गठन के लिए शिबू सोरेन ने जिस भावना और संघर्ष के साथ काम किया था, उसी सोच के साथ राज्य को आगे बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है और नवनियुक्त शिक्षक व महिला पर्यवेक्षक राज्य निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। इस अवसर पर शिक्षा विभाग के कई वरीय पदाधिकारी मौजूद थे।
Read Also- Ranchi News : झारखंड के सभी सरकारी स्कूलों में 19 से 21 मई तक लगेगा तीन दिवसीय समर कैंप

