RANCHI: झारखंड में किशोरियों के स्वास्थ्य, पोषण और समग्र सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सोमवार को सशक्त योजना का भव्य शुभारंभ किया गया। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम), एकजुट और पिरामल स्वास्थ्य के संयुक्त तत्वावधान में रांची के होटल बीएनआर चाणक्य में आयोजित कार्यक्रम में स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास के अलावा संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।एनएचएम के एमडी शशि प्रकाश झा ने कहा कि केवल योजनाओं की औपचारिकता पूरी करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि जमीनी स्तर पर ठोस परिणाम सुनिश्चित करना जरूरी है। उन्होंने किशोरियों के स्वास्थ्य और पोषण को राज्य के भविष्य से जोड़ते हुए कहा कि यदि कुपोषण, कम उम्र में विवाह और खराब स्वास्थ्य चक्र को तोड़ना है तो किशोरियों पर विशेष फोकस करना होगा। उन्होंने कहा कि हम काम कर रहे है लेकिन उसका कोई परिणाम न निकले तो सब बेकार है। इसलिए काम करें तो उसका रिजल्ट भी सामने आना चाहिए तभी प्रयास सफल होगा। इससे समाज में भी बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।
शशि प्रकाश झा ने कहा कि समाज में लड़कियां अधिक जिम्मेदार और अनुशासित होती हैं। अवसर मिलने पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करती हैं। उन्होंने किशोरियों के लिए बेहतर पोषण, रोजगार-उन्मुख शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही निर्देश दिया कि ‘सशक्त’ कार्यक्रम के तहत काउंसलिंग, क्लिनिकल सेवाओं और कम्युनिटी-बेस्ड पीयर एजुकेटर मॉडल को जिला स्तर से लेकर गांव तक प्रभावी ढंग से लागू किया जाए और इसकी नियमित समीक्षा सुनिश्चित हो। इसके अलावा उन्होंने कहा कि काउंसलिंग और स्किल्ड ट्रेनिंग भी उनके लिए जरूरी है। जिससे कि वे समाज में मजबूती के साथ खुद को प्रेजेंट कर सके।
उन्होंने कहा कि परिवारों, पीयर एजुकेटरों और सहिया-एएनएम नेटवर्क को सक्रिय रखते हुए काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किशोरियों को यौन शिक्षा, स्वास्थ्य और नेतृत्व विकास से जोड़ा जाएगा। झारखंड के पाकुड़, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, खूंटी और गुमला समेत पांच जिलों में जनजातीय किशोर-किशोरियों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने यह भी बताया कि स्वास्थ्य विभाग अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर में हर महीने की 24 तारीख को एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। जिसमें किशोर किशोरियों को कई जरूरी जानकारी दी जा रही है। उन्होंने सशक्त की टीम से साथ मिलकर काम करने की अपील की।
इनकी रही मौजूदगी
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन झारखण्ड के आरकेएसके के स्टेट नोडल ऑफिसर डॉ विजय किशोर रजक, एनयूएचएम के स्टेट नोडल ऑफिसर डॉ मुकेश मिश्रा, डॉ पुष्पा, डॉ कमलेश, डॉ राहुल किशोर सिंह और डॉ प्रदीप समेत अन्य मौजूद थे।

