Jamshedpur : हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस महेश शरदचंद्र सोनाक शुक्रवार को जमशेदपुर पहुंचे। यहां जमशेदपुर व्यवहार न्यायालय परिसर में मुख्य न्यायाधीश महेश शरदचंद्र सोनाक का भव्य स्वागत किया गया। उनके साथ झारखंड उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जनरल सहित अन्य विशिष्ट अतिथि भी उपस्थित थे।

गौरतलब है कि चीफ जस्टिस 15 फरवरी तक जमशेदपुर में रहेंगे। वह सर्किट हाउस में ठहरे हुए हैं। जिला प्रशासन की तरफ से जमशेदपुर विजिट पर प्रशासनिक इंतजाम किए गए हैं। चीफ जस्टिस दलमा भी जाएंगे।
मुख्य न्यायाधीश के आगमन पर जमशेदपुर व्यवहार न्यायालय के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अरविंद कुमार पांडे ने सभी न्यायिक पदाधिकारियों के साथ उनका भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर न्यायालय परिसर में गरिमामय वातावरण देखने को मिला।
जिला बार संघ की ओर से भी मुख्य न्यायाधीश का सम्मान किया गया। वरिष्ठ अधिवक्ता एवं स्टेट बार काउंसिल के वाइस चेयरमैन राजेश कुमार शुक्ला ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान मुख्य न्यायाधीश ने भी राजेश कुमार शुक्ला का अभिनंदन करते हुए उनके पूर्व कार्यों की सराहना की।
इस औपचारिक मुलाकात के दौरान अधिवक्ता मिथिलेश सिंह, अक्षय कुमार झा, जिला बार संघ के कोषाध्यक्ष जयप्रकाश भक्त, संयुक्त सचिव (प्रशासनिक) विनीता सिंह, कार्यकारिणी सदस्य विनीत मिश्रा, अधिवक्ता रमेश प्रसाद, राजेश दास सहित कई अन्य अधिवक्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
Read Also: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के जमशेदपुर आगमन को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड में, तैयार हुआ सुरक्षा प्लान

