Ranchi : झारखंड की राजधानी रांची के पुंदाग स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड मैनेजमेंट (ISM) में बुधवार को नए सत्र (2025-26) के बीबीए, बीसीए, बीएचएमसीटी और एमबीए के छात्रों के लिए एक भव्य इंडक्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य नए छात्रों को संस्थान के माहौल से परिचित कराना और उनके शैक्षणिक जीवन की एक सकारात्मक शुरुआत करना था।
पढ़ाई व व्यक्तिगत जीवन में संतुलन जरूरी : डॉ. प्रभात कुमार
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रांची सदर सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. प्रभात कुमार ने समारोह का विधिवत उद्घाटन किया। अपने संबोधन में डॉ. प्रभात कुमार ने छात्रों को शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि दीर्घकालिक सफलता के लिए पढ़ाई और व्यक्तिगत जीवन में संतुलन बनाए रखना बेहद जरूरी है।
अनुशासन, प्लेसमेंट और गौरवशाली परंपरा : डॉ. गंगा प्रसाद सिंह
इस अवसर पर, आईएसएम के निदेशक और सचिव डॉ. गंगा प्रसाद सिंह ने संस्थान की गौरवशाली परंपरा और इसके मजबूत एलुमनाई नेटवर्क के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि संस्थान के पूर्व छात्रों ने विभिन्न पेशेवर क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिया है, जो वर्तमान छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
प्राचार्या ने पढ़ाया अनुशासन का पाठ
कॉलेज की प्राचार्या डॉ. ज्योति ने छात्रों को अनुशासन, संस्थान के नियमों और दिशा-निर्देशों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आईएसएम का प्लेसमेंट रिकॉर्ड और उद्योग जगत से मजबूत संबंध छात्रों को एक सफल करियर बनाने में लगातार मदद करते हैं।
कार्यक्रम का संचालन सहायक प्राध्यापक सूरज कुमार ने किया। इस दौरान पद्मा प्रियदर्शिनी, पूजा गुप्ता, नीरु कुमारी, प्रेरणा सिंह, सौम्या कुमारी, शालिनी कुमारी सहित कई संकाय सदस्य भी मौजूद थे। यह कार्यक्रम छात्रों के लिए संस्थान के शैक्षणिक और सांस्कृतिक वातावरण से जुड़ने का एक बेहतरीन अवसर साबित हुआ।

