Jamshedpur : केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की कक्षा 10 और 12 की बोर्ड परीक्षाएं मंगलवार से शुरू हो गईं। जमशेदपुर के सभी परीक्षा केंद्रों पर पहली पाली की परीक्षा सुबह 10:30 बजे से शुरू होकर दोपहर 1:30 बजे तक शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा को लेकर केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी तथा छात्रों को प्रवेश से पहले गहन जांच प्रक्रिया से गुजरना पड़ा। जांच के दौरान विद्यार्थियों से अंगूठी, ब्रेसलेट और अन्य धातु की वस्तुएं भी उतरवा ली गईं, ताकि कदाचार की किसी भी संभावना को रोका जा सके।

कक्षा 10 के विद्यार्थियों के लिए पहले दिन गणित विषय की परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा देकर बाहर निकले छात्रों ने प्रश्नपत्र को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रिया व्यक्त की। कुछ विद्यार्थियों ने पेपर को संतुलित, पाठ्यक्रम आधारित और सामान्य स्तर का बताया, जबकि अधिकतर छात्रों के अनुसार प्रश्नपत्र अपेक्षाकृत कठिन था और कुछ प्रश्नों को हल करने में अधिक समय लगा।
वहीं कक्षा 12 के विद्यार्थियों की बायोटेक्नोलॉजी और एंटरप्रेन्योरशिप विषय की परीक्षा आयोजित हुई। परीक्षा केंद्रों के बाहर अभिभावकों की भीड़ देखी गई, जो परीक्षा समाप्त होने तक बच्चों का इंतजार करते रहे। परीक्षा के बाद छात्रों और अभिभावकों में उत्साह और राहत का माहौल देखने को मिला।
परीक्षा को शांतिपूर्ण और नकलमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रशासन और विद्यालय प्रबंधन द्वारा विशेष इंतजाम किए गए थे। अधिकारियों ने बताया कि सभी केंद्रों पर परीक्षा सुचारु रूप से संपन्न हुई और कहीं से किसी भी प्रकार की अनियमितता की सूचना नहीं मिली। आगामी परीक्षाओं को लेकर भी व्यापक तैयारी की गई है।
आईसीएसई की परीक्षा शुरू
काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशंस (सीआईएससीई) की आईसीएसई (कक्षा 10) बोर्ड परीक्षाएं मंगलवार से जिले में शुरू हो गईं। परीक्षाएं दो पालियों में आयोजित की जा रही हैं। परीक्षा को लेकर सभी केंद्रों पर आवश्यक तैयारियां पूरी दिखी। स्कूलों की ओर से बताया गया कि सभी केंद्रों पर शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त परीक्षा हुई। परीक्षा शुरू होने के साथ ही विद्यार्थियों और अभिभावकों में उत्साह देखा गया। अधिकारियों ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए निगरानी व्यवस्था सुदृढ़ की गई है।

