Jamshedpur : जमशेदपुर में मानगो के उलीडीह थाना क्षेत्र के डिमना बस्ती रोड पर 30 मार्च को बदमाशों ने डिमना बस्ती के रहने वाले विक्रम सिंह उर्फ विक्की राजपूत पर फायरिंग कर दी थी। इस घटना में विक्रम सिंह के हाथों में गोली लगी थी। उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पुलिस ने इस घटना का खुलासा कर दिया है। इस मामले में चार बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है।
इन सभी बदमाशों को जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तार बदमाशों में उलीडीह के खड़िया बस्ती शंकोसाई रोड नंबर 4 का रहने वाला कृष्णा सिंह उर्फ लल्ला, डिमना बस्ती का रहने वाला राखाल कुंभकार, यहीं का रहने वाला राहुल सिंह सरदार और उलीडीह के ही आस्था स्पेस टाउन का रहने वाला विकास महतो उर्फ बिके शामिल है।
आरोपी के भाई के सिर पर सटा दिया था पिस्टल
ग्रामीण एसपी ऋषभ कुंभकार ने यह जानकारी बुधवार को एसएसपी ऑफिस के सभागार में प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की गई है और घटना का कारण पूछा गया। गिरफ्तार बदमाशों ने बताया है कि विक्रम सिंह ने विकास महतो को जान से मारने की धमकी दी थी। यही नहीं, विक्रम सिंह ने विकास महतो के भाई
एजे आकाश के साथ मारपीट भी की थी और उसके सर पर पिस्टल सटा दिया था। उसे बोला था कि सुधर जाओ वरना ऊपर पहुंचा देंगे। इसी घटना का बदला लेने के लिए विकास महतो ने अपने साथियों को तैयार किया था और 30 मार्च को विक्रम सिंह पर गोली चलाई गई थी।
विक्रम के हाथों में लगी थी गोली
गौरतलब है कि यह गोली विक्रम सिंह के दोनों हाथों में लगी थी और वह इस घटना में बच गया था। पुलिस ने इस मामले में बदमाशों के पास से मैगजीन लगा हुआ एक देशी पिस्तौल, एक देसी कट्टा, तीन कारतूस और घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों में राखाल कुंभकार और कृष्णा सिंह उर्फ लल्ला का आपराधिक इतिहास है। दोनों के ऊपर उलीडीह थाने में केस दर्ज हैं।
Read Also: Ranchi Accident: ड्यूटी जाते समय सड़क पर गिरीं महिला कांस्टेबल, अज्ञात वाहन की चपेट में आने मौत

