Home » Jamshedpur News : मानगो नगर निगम की पहली बोर्ड बैठक में मेयर ने सिटी मैनेजर को किया कार्यमुक्त, गैर हाजिर अधिकारियों को शोकॉज

Jamshedpur News : मानगो नगर निगम की पहली बोर्ड बैठक में मेयर ने सिटी मैनेजर को किया कार्यमुक्त, गैर हाजिर अधिकारियों को शोकॉज

Jamshedpur News : 2.30 करोड़ की लागत वाली योजनाएं पास, लगेंगी 1000 स्ट्रीट लाइटें

by Mujtaba Haider Rizvi
Mango Municipal Corporation First Board Meeting Mayor Action City Manager Removed
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : मानगो नगर निगम की पहली बोर्ड बैठक में मेयर सुधा गुप्ता ने साफ संकेत दे दिया कि उनके कार्यकाल में भ्रष्टाचार और अफसरशाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में उन्होंने जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए कई कड़े फैसले लिए और विकास से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी।

बैठक के दौरान कार्य में लापरवाही बरतने वाले नगर निगम सिटी मैनेजर निर्मल को कार्यमुक्त कर दिया गया। वहीं बैठक में अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों को शोकॉज नोटिस जारी करने का निर्देश दिया गया।

शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर भी बड़ा निर्णय लिया गया। कचड़ा उठाव का काम संभाल रही क्यूब कंपनी का अनुबंध समाप्त कर दिया गया है। साथ ही पिछले दो वर्षों के भुगतान पर रोक लगाने और कंपनी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने का निर्देश दिया गया है। इसके साथ ही कचड़ा उठाव के लिए नई व्यवस्था लागू करने की बात कही गई।

7000 खराब लाइटों की कराई जाएगी मरम्मत

शहर की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए 1000 नई स्ट्रीट लाइट खरीदने और 7000 से अधिक खराब लाइटों की मरम्मत कराने का आदेश दिया गया। इसके अलावा प्रमुख चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, ट्रैफिक सिग्नल और फुट ओवरब्रिज के निर्माण का भी प्रस्ताव पास किया गया, ताकि मानगो को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाया जा सके।

आवारा कुत्तों से निपटने के लिए बनेगा डॉग सेटलर

आवारा कुत्तों की समस्या से निपटने के लिए विशेष टीम के गठन और डॉग सेटलर निर्माण का प्रस्ताव रखा गया। साथ ही बस्तियों के सीमांकन और नामांकन, सार्वजनिक शौचालयों के जीर्णोद्धार और रंगरोगन का निर्णय लिया गया।

शहर में सामुदायिक सुविधाओं को बढ़ावा देने के लिए टाउन हॉल, विवाह मंडप, नगर निगम कार्यालय, पार्क और ओपन जिम के निर्माण का प्रस्ताव पारित किया गया। पृथ्वी पार्क और नेचर पार्क के सौंदर्यीकरण और मरम्मत का भी निर्णय लिया गया।

ड्रेनेज सिस्टम को भी किया जाएगा दुरुस्त

जलापूर्ति और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सभी पानी टंकियों की सफाई, ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त करने के लिए कंसल्टेंट की नियुक्ति, पानी की समस्या के सर्वे के लिए एजेंसी बहाल करने और पाइपलाइन कार्य शुरू करने का प्रस्ताव स्वीकृत किया गया। साथ ही नेचर पार्क और रोड नंबर 15 स्थित टंकियों से जलापूर्ति में आ रही बाधाओं को दूर करने का निर्देश दिया गया।

श्रमिकों के लिए शेल्टर होम, वेंडिंग जोन, रिवर फ्रंट डेवलपमेंट, डिजिटल होर्डिंग और झरना रोड स्थित बड़े नाले के निर्माण व सफाई जैसे प्रस्तावों को भी हरी झंडी दी गई। 2.30 करोड़ की एफएसटीपी योजना को भी स्वीकृति प्रदान की गई।

स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए मोबाइल मेडिकल वैन, नए स्वास्थ्य केंद्रों की स्थापना और एंबुलेंस खरीदने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई।

मेयर सुधा गुप्ता ने बैठक में स्पष्ट किया कि शहर के विकास में किसी भी तरह की लापरवाही या भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सभी योजनाओं को समय पर पूरा करना प्राथमिकता होगी।

Read Also: Jamshedpur News: धमाकों के बीच ईरान के होर्मुज जलडमरूमध्य में डटा रहा जमशेदपुर का कैप्टन, जानें खतरे के बीच से कैसे आए बाहर

Related Articles

Leave a Comment