Jamshedpur : आम लोगों, खासकर ग्रामीण क्षेत्रों के निवासियों की समस्याओं के समाधान के लिए जमशेदपुर पुलिस ने एक नई और सराहनीय पहल शुरू की है। अब गांवों के लोगों को अपनी शिकायत लेकर शहर तक आने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यह व्यवस्था लागू की गई है कि ग्रामीण पुलिस अधीक्षक हर सप्ताह बुधवार को घाटशिला अनुमंडल कार्यालय में उपलब्ध रहेंगे। इस पहल की शुरुआत 1 अप्रैल से कर दी गई है।
इस व्यवस्था के लागू होने के बाद अब ग्रामीण क्षेत्रों के लोग सीधे घाटशिला में ही अपनी समस्याएं और शिकायतें दर्ज करा सकेंगे। इससे उन्हें लंबी दूरी तय कर शहर आने-जाने की परेशानी से काफी हद तक राहत मिलेगी।
दूर-दराज गांव के लोगों को जमशेदपुर पहुंचने में आती है दिक्कत
गौरतलब है कि ग्रामीण पुलिस अधीक्षक का कार्यालय मुख्य रूप से जमशेदपुर में स्थित है, जहां पहुंचना दूर-दराज के गांवों के लोगों के लिए बेहद दिक्कत भरा काम है। ऐसे में जिला पुलिस की यह पहल ग्रामीणों के लिए बड़ी सहूलियत साबित हो रही है और इसे सकारात्मक कदम के रूप में देखा जा रहा है।

