
जामताड़ा : झारखंड के जामताड़ा रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई। प्लेटफार्म संख्या-1 के पास चलती हटिया-पाटलिपुत्र एक्सप्रेस से गिरने के बाद युवक ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसा रेलवे पोल संख्या 251/27 के पास हुआ। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि युवक का शरीर दो हिस्सों में कट गया।
मृतक की पहचान देवघर जिले के बुढ़ई गांव निवासी मुन्ना शर्मा के रूप में हुई है। बताया गया कि वह अपने मामा सरभू शर्मा के साथ रांची से देवघर लौट रहा था।
शौचालय जाने के बाद दरवाजे के पास खड़ा था युवक
मृतक के मामा सरभू शर्मा ने बताया कि वह इलाज के सिलसिले में रांची गए थे। इलाज कराने के बाद दोनों हटिया-पाटलिपुत्र एक्सप्रेस से देवघर लौट रहे थे। इसी दौरान मुन्ना शौचालय जाने के बाद ट्रेन के दरवाजे के पास आकर खड़ा हो गया। इसी बीच अचानक उसका पैर फिसल गया और वह चलती ट्रेन से नीचे गिर पड़ा। ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जीआरपी ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
हादसे की सूचना मिलते ही ट्रेन में सवार यात्रियों और स्टेशन के आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर मधुपुर रेलवे स्टेशन से जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मुन्ना अपने परिवार का सबसे बड़ा बेटा था। उसकी अचानक मौत की खबर मिलते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, इस घटना के बाद बुढ़ई गांव में भी शोक का माहौल है।
Read Also- Hazaribagh News : आदिवासी महिला से दुष्कर्म का आरोप, विरोध पर बेरहमी से पीटा, पैर टूटा

