Home » Hussainabad News: हुसैनाबाद में छोटू सिंह हत्याकांड ने लिया नया मोड़, पिता ने 10 लोगों पर लगाया साजिश का आरोप

Hussainabad News: हुसैनाबाद में छोटू सिंह हत्याकांड ने लिया नया मोड़, पिता ने 10 लोगों पर लगाया साजिश का आरोप

Jharkhand Hindi News : गोलीकांड के बाद परिवार में भय का माहौल, थाना में आवेदन देकर सभी सदस्यों की सुरक्षा की लगाई गुहार

by Rakesh Pandey
Hussainabad News
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

पलामू : झारखंड के पलामू जिला अंतर्गत हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के पुरन्दर बिगहा में 2 सितंबर की रात गोली मारकर की गई ओम प्रकाश सिंह उर्फ छोटू सिंह की हत्या के मामले में नया घटनाक्रम सामने आया है। मृतक के पिता भुवनेश्वर प्रसाद सिंह उर्फ भूलन सिंह ने हुसैनाबाद थाना में लिखित शिकायत देकर 10 लोगों को नामजद किया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि उनके बेटे की हत्या सुनियोजित साजिश के तहत कराई गई। साथ ही, उन्होंने अपने पूरे परिवार की सुरक्षा की मांग पुलिस से की है।

थाना में दिए आवेदन के मुताबिक, छोटू सिंह 2 सितंबर की रात घरेलू सामान खरीदने के लिए बाजार गया था। आरोप है कि रास्ते में मनीष यादव ने उसकी गाड़ी रुकवाकर बातचीत करने की बात कही। इसके बाद साकेत पाठक भी उसकी गाड़ी में बैठ गया और उसे पुरन्दर बिगहा की ओर ले जाया गया। मृतक के पिता का दावा है कि इस दौरान चार बाइकों से छोटू की गाड़ी का पीछा किया जा रहा था और उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पुरन्दर बिगहा पहुंचने के बाद साकेत पाठक ने छोटू सिंह के पेट में गोली मारी। इसके बाद मनीष यादव ने उसकी कनपटी पर गोली चला दी। घायल अवस्था में छोटू ने वहां से भागने की कोशिश की, लेकिन आरोप के अनुसार, इशू प्रताप सिंह उर्फ भिन्डी सिंह ने उसकी कनपटी पर दो और गोलियां दाग दीं। आवेदन में निखिल सिंह और नीतीश तिवारी पर भी गोली चलाने तथा अन्य आरोपियों पर हवाई फायरिंग करने का आरोप लगाया गया है।

मृतक के पिता ने साकेत पाठक, इशू प्रताप सिंह उर्फ भिन्डी सिंह, मनीष यादव, निखिल सिंह, सिटु सिंह, सुधीर पाठक, नीतीश तिवारी, सौरभ पाठक, रवि सिंह और पीयूष कुमार को नामजद किया है। आवेदन में कहा गया है कि वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी हथियार लहराते हुए दंगवार रोड की तरफ भाग निकले।

परिवार को भी निशाना बनाए जाने की आशंका

हत्या की घटना के बाद छोटू सिंह के परिवार में भय का माहौल बना हुआ है। पिता ने आशंका जताई है कि आरोपित या उनके सहयोगी परिवार के किसी अन्य सदस्य को भी नुकसान पहुंचा सकते हैं। उन्होंने पुलिस से तत्काल सुरक्षा मुहैया कराने, प्राथमिकी दर्ज कर मामले की गंभीरता से जांच करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। आवेदन में कुछ अज्ञात लोगों के भी साजिश में शामिल होने की आशंका व्यक्त की गई है।

एसपी बोले- अवैध कारोबार में शामिल था मृतक

पलामू के एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि मृतक अवैध शराब, गांजा सहित अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त था और उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। एसपी के अनुसार, उसके अपने सहयोगियों ने ही उसकी हत्या की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इधर, मृतक के पिता की ओर से थाने में दिए गए आवेदन में लगाए गए आरोपों की भी पुलिस जांच कर रही है। नामजद आरोपियों के खिलाफ लगाए गए आरोपों की वास्तविकता जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।

Read Also- Jamtara News : ट्रेन से गिरकर 18 वर्षीय युवक की मौत, शरीर के हो गए दो टुकड़े

Related Articles

Leave a Comment