
चतरा : झारखंड के चतरा जिला अंतर्गत सदर थाना क्षेत्र की बरैनी पंचायत के घूरनाडीह गांव स्थित तड़गू नदी चटनिया में शुक्रवार को सुबह करीब 10 बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब नदी से दो बच्चों के शव बरामद किए गए। दोनों मृत बच्चों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। वहीं, उनके साथ नदी में नहाने गए तीसरे बच्चे का भी कोई सुराग नहीं मिला है। उसके भी नदी में डूबने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस के साथ ग्रामीण तीसरे बच्चे की तलाश में जुटे हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक, तीन बच्चे शुक्रवार सुबह तड़गू नदी में स्नान करने पहुंचे थे। नहाने के दौरान दो बच्चे नदी के गहरे हिस्से में चले गए और पानी में डूब गए। कुछ समय बाद ग्रामीणों को नदी में दो बच्चों के शव दिखाई दिए। इसके बाद तत्काल सदर थाना को सूचना दी गई।
जानकारी मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। ग्रामीणों की सहायता से दोनों शवों को पानी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने मृत बच्चों की पहचान कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास तलाशी के दौरान दो साइकिल, तीन जोड़ी चप्पल, दो बैग और अन्य सामान बरामद हुआ है।
पुलिस बरामद सामान के आधार पर बच्चों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। इसके साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि बरामद साइकिल, चप्पल और बैग इन्हीं तीन बच्चों के हैं या किसी अन्य व्यक्ति के। दो बच्चों के शव मिलने के बाद तीसरे बच्चे की तलाश और तेज कर दी गई है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि वह भी नदी में डूबा है या किसी तरह सुरक्षित बाहर निकलकर वहां से चला गया। पुलिस और ग्रामीण नदी के आसपास लगातार खोजबीन कर रहे हैं। घटना की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी किनारे पहुंच गए। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करने के साथ तीसरे बच्चे की तलाश के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं।

