
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुमारडुंगी थाना अंतर्गत गंगापुर गांव में लोन चुकता करने की रंजिश में दामाद ने अपने ससुर की गर्दन पर सब्जी काटने वाले चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इस वारदात में वृद्ध ससुर लहूलुहान होकर गिर पड़े। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने परिवार के साथ मौके से रफूचक्कर हो गया।
पत्नी को वापस ले जाने पहुंचा था आरोपी
पीड़ित जेनाराम मुखी की पुत्री बीते दो दिनों से गंगापुर स्थित अपने मायके में रह रही थी। गुरुवार को उसका पति सूरज कुमार धनुवा उसे विदा कराकर ले जाने पहुंचा। उस दौरान जेनाराम अपनी बेटी से बातचीत कर रहे थे। तभी सूरज ने आकर अपनी पत्नी से मायके में रुकने का कारण पूछते हुए कहासुनी शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि वह अपनी पत्नी से मारपीट पर आमादा हो गया।
बीच-बचाव करने पर कर दिया हमला
बेटी के बचाव में जब ससुर जेनाराम सामने आए, तो सूरज का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। उसने तैश में आकर घर में रखा सब्जी कटाई का चाकू उठाया और ससुर के गले पर दे मारा। हमले के बाद जेनाराम खून से लथपथ होकर चीखने-चिल्लाने लगे। शोर सुनकर जब तक गांव वाले मदद के लिए दौड़े, तब तक हमलावर पति अपने परिजनों संग भाग निकला। स्थानीय लोगों व परिजनों की मदद से घायल को कुमारडुंगी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
लोन चुकता करने की मांग से उपजा था विवाद
अस्पताल में उपचार करा रहे जेनाराम मुखी ने बताया कि दामाद सूरज ने कहीं से लोन ले रखा था। उस कर्ज को चुकाने के लिए उसकी बेटी अपने मायके से पैसे मांगने का दबाव बना रही थी। इसी वित्तीय विवाद के चलते दामाद अपनी पत्नी पर शक करने लगा और बात खूनी हमले तक पहुंच गई।
कुमारडुंगी थाना प्रभारी सुनील कुमार चौधरी ने कहा कि मामले में अभी तक किसी पक्ष से लिखित आवेदन नहीं मिला है। पीड़ित या परिजनों की ओर से शिकायत पत्र मिलते ही प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू की जाएगी।
Read Also Chaibasa Rape Case : लोहरदा दुष्कर्म कांड का खुलासा, पुलिस ने आरोपी को अंकोलकुटी से दबोचा

