Jamshedpur : बिष्टुपुर में अजीबो-गरीब तरीके से गुंडई हो रही है। कुछ दिन पहले चाय देने में देर करने पर एक युवती पर खौलती चाय फेंक दी गई थी। अब 8 साल के एक बच्चे को उसकी जान लेने के लिए बैट्री (सेल) के अंदर का मसाला खिला दिया गया है। इससे बच्चे की स्थिति नाजुक हो गई। उसका इलाज कराया जा रहा है।
बच्चे की दादी के आवेदन पर पुलिस ने इस मामले में पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। सभी आरोपी असम के रहने वाले हैं। पीड़ित बच्चे की दादी अनीता देवी ने इस मामले में बिष्टुपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। अनीता देवी सरायकेला खरसावां जिले के आदित्यपुर के सात बोहनी धीरज गंज की रहने वाली हैं। उन्होंने बताया कि घटना 19 अप्रैल से 24 अप्रैल के बीच की है।
उनका पोता बिष्टुपुर में तुलसी भवन के पास था। वहीं यह घटना घटित हुई है। अनीता देवी ने इस मामले में राजेश कुमार राय और उनकी बेटी ममता राय के अलावा मिथुन ठाकुर, कविता दास राय और आर्यन गुप्ता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। आरोपी राजेश कुमार राय असम के गुवाहाटी के गणेश पाड़ा के रहने वाले हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। अभी तक कोई भी आरोपी पकड़े नहीं जा सके हैं। गौरतलब है कि इस मामले में पुलिस ने 16 दिन बाद एफआईआर दर्ज की है।
Read also Jamshedpur News: जुगसलाई से एक किशोरी का अपहरण, FIR दर्ज

