Home » Hazaribagh Road Accident : हजारीबाग के गोरहर में कुछ घंटों के भीतर दो बड़े सड़क हादसे, दो लोगों की मौत, तीन गंभीर घायल

Hazaribagh Road Accident : हजारीबाग के गोरहर में कुछ घंटों के भीतर दो बड़े सड़क हादसे, दो लोगों की मौत, तीन गंभीर घायल

Jharkhand Hindi News : स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क सुरक्षा के लिए स्पीड कंट्रोल, चेतावनी संकेत और सड़क सुधार कार्य जल्द शुरू करने की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की खराब स्थिति, तीखे मोड़ और तेज रफ्तार वाहनों के कारण यह इलाका अब दुर्घटना संभावित ‘ब्लैक स्पॉट’ बन चुका है

by Rakesh Pandey
Hazaribagh Road Accident
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

हजारीबाग : झारखंड के हजारीबाग जिले के गोरहर थाना क्षेत्र में रविवार को कुछ ही घंटों के भीतर हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों ने इलाके को दहला दिया। इन दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। लगातार हुई घटनाओं के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ गई।

पहला हादसा रविवार सुबह गोरहर थाना क्षेत्र में हुआ, जहां सब्जियों से लदा एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा इतना भीषण था कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी के रूप में हुई है।

वाहन में फंसा रहा चालक का शव

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद गोरहर थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। हादसे के बाद चालक का शव वाहन के अंदर बुरी तरह फंस गया था। पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद शव को वाहन से बाहर निकाला। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग भेज दिया गया।

कुछ घंटों बाद फिर हुआ बड़ा सड़क हादसा

पहली घटना के कुछ समय बाद सुबह करीब 10 बजे गोरहर गांव के समीप एक और बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां एक के बाद एक चार वाहन आपस में टकरा गए। इस श्रृंखलाबद्ध दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस ने शुरू की हादसों की जांच

घटना की सूचना मिलते ही गोरहर थाना प्रभारी रवि रंजन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों दुर्घटनाओं में शामिल वाहनों को जब्त कर लिया है।
थाना प्रभारी के अनुसार, सड़क पर यातायात व्यवस्था बहाल करने का काम किया जा रहा है। साथ ही दुर्घटनाओं के कारणों की तकनीकी जांच भी शुरू कर दी गई है।

ग्रामीणों ने सड़क को बताया ‘ब्लैक स्पॉट’

लगातार हो रहे सड़क हादसों के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों का आरोप है कि सड़क की खराब स्थिति, तीखे मोड़ और तेज रफ्तार वाहनों के कारण यह इलाका अब दुर्घटना संभावित ‘ब्लैक स्पॉट’ बन चुका है। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर आए दिन हादसे होते रहते हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। लोगों ने सड़क सुरक्षा के लिए स्पीड कंट्रोल, चेतावनी संकेत और सड़क सुधार कार्य जल्द शुरू करने की मांग की है।

Read Also- Jamshedpur News: जुगसलाई से एक किशोरी का अपहरण, FIR दर्ज

Related Articles

Leave a Comment