Jamshedpur News : पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया प्रखंड में स्कूली पुस्तकों के गायब होने की घटना से प्रशासनिक हलके में हड़कंप मच गया है। इस घटना ने जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। छात्रों के शैक्षणिक अधिकारों से जुड़े इस गंभीर प्रकरण में प्रशासन ने त्वरित और सख्त कदम उठाते हुए एफआईआर दर्ज की है, भवनों को सील किया गया है और एक नाइट गार्ड को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
क्या है मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सरकारी विद्यालयों में वितरित की जानी वाली पुस्तकें गायब पाई गईं। प्रारंभिक जांच के बाद यह मामला गंभीर लापरवाही का प्रतीत हुआ, जिस पर त्वरित कार्रवाई की गई।
प्रशासन की सख्त कार्रवाई
प्रकरण में चाकुलिया थाना में प्राथमिकी दर्ज करा दी गई है ताकि विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित हो सके। जिन भवनों एवं विद्यालय परिसरों में पुस्तकें रखी गई थीं, उन्हें तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ रोकी जा सके। अगर इनके साथ छेड़छाड़ की गई तो जांच पर असर पड़ सकता है। इसी वजह से इन्हें सील कर दिया गया है। प्रखंड संसाधन केंद्र में तैनात नाइट गार्ड बापी दास को प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से सेवा से मुक्त कर दिया गया है। पुलिस हिरासत बापी दास वर्तमान में पुलिस हिरासत में है और उससे इस मामले में पूछताछ जारी है। प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी को इस लापरवाही के लिए 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकर देने का निर्देश जारी किया गया है।
सभी प्रखंडों में पुस्तक वितरण की व्यवस्था की गहन समीक्षा एवं जांच के निर्देश वरीय पदाधिकारियों को दिए गए हैं। उन्हें शीघ्र जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को कहा गया है। समस्त तथ्यों की गहराई से जांच के लिए एक जिला स्तरीय जांच समिति का गठन किया गया है, जो आगामी 48 घंटे में अपनी रिपोर्ट समर्पित करेगी। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि राज्य सरकार के निर्देशों के अनुरूप छात्रों के शैक्षणिक अधिकारों और राजकीय संसाधनों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। इस मामले में दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही दोहराई न जाए।

