Home » जमशेदपुर: झारखंड में भारी बारिश से ट्रेनें डायवर्ट, कांके में रिकॉर्ड तोड़ वर्षा

जमशेदपुर: झारखंड में भारी बारिश से ट्रेनें डायवर्ट, कांके में रिकॉर्ड तोड़ वर्षा

कई क्षेत्रों में रिकॉर्ड तोड़ बारिश हुई है, जिससे निचले इलाकों में जलभराव और सड़कें जलमग्न हो गई हैं।

by Reeta Rai Sagar
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur: झारखंड में मानसून के सक्रिय होते ही भारी बारिश का सिलसिला जारी है, जिससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। चक्रधरपुर रेल मण्डल के अंतर्गत टाटानगर रेलवे स्टेशन के यार्ड में भारी जलजमाव के कारण ट्रेनों के परिचालन पर भी असर पड़ा है।

रांची-हावड़ा इंटरसिटी का मार्ग बदला
रांची रेल मंडल से संचालित ट्रेन संख्या 22892 रांची-हावड़ा इंटरसिटी एक्सप्रेस, जो 19 जून 2025 को रवाना होनी थी, अब अपने निर्धारित मार्ग कोटशीला–पुरुलिया–टाटानगर–खड़गपुर के बजाय कोटशीला–राजाबेडा–चंद्रपुरा–भोजूडीह–आद्रा–मेदिनीपुर–खड़गपुर होकर चलाई जाएगी। यह निर्णय टाटानगर यार्ड में जलजमाव के कारण लिया गया है।

रिकॉर्ड बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त

भारतीय मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 24 घंटों में झारखंड के विभिन्न हिस्सों में औसतन 100 मिमी से अधिक वर्षा दर्ज की गई है। कई क्षेत्रों में रिकॉर्ड तोड़ बारिश हुई है, जिससे निचले इलाकों में जलभराव और सड़कें जलमग्न हो गई हैं।

प्रमुख वर्षा रिकॉर्ड (दिनांक: 19 जून 2025)
• कांके (रांची): 300.4 मिमी (राज्य में सर्वाधिक)
• अड़की: 190.4 मिमी
• कुड़ू: 182.2 मिमी
• मांडर: 160.8 मिमी
• खरसावां: 160.0 मिमी
• आईसीएआर-निसा नामकुम (रांची): 144.0 मिमी
o न्यूनतम तापमान: 20.8°C
o अधिकतम तापमान: 23.0°C
o आर्द्रता: 94-95%
• बहरागोड़ा: 131.2 मिमी
• चक्रधरपुर: 126.8 मिमी
• ओरमांझी: 120.8 मिमी
• मनोहपुर: 107.0 मिमी

प्रशासन अलर्ट मोड में, लोगों को एहतियात बरतने की सलाह
लगातार हो रही बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। सड़कों पर पानी भरने से यातायात प्रभावित हुआ है और लोगों को आवाजाही में दिक्कत हो रही है।

प्रशासन ने नागरिकों से बेवजह घर से बाहर न निकलने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

अगले 48 घंटे और भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड के कई जिलों में अगले 24 से 48 घंटे तक भारी वर्षा की संभावना है। ऐसे में जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग को सतर्क कर दिया गया है।

राज्य सरकार ने दिए विशेष निर्देश
राज्य सरकार ने सभी जिलों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि:
• जलजमाव वाले क्षेत्रों की निगरानी करें
• आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करें
• किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत और बचाव दल तैयार रखें

Related Articles