चाईबासा (झारखंड): पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर थाना क्षेत्र के इंदकाटा गांव में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। यहां हाई टेंशन तार की चपेट में आने से एक अज्ञात युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की उम्र लगभग 30 से 32 वर्ष बताई जा रही है, लेकिन अब तक उसकी पहचान नहीं हो पाई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ लग रहा था। घटना के दौरान वह 1,20,000 वोल्ट के हाई टेंशन पोल पर चढ़ गया और तेज करंट की चपेट में आने से नीचे गिर पड़ा। गिरने के बाद उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शव पर कई जगह जलने के निशान मिले हैं।
घटना की सूचना मिलते ही चक्रधरपुर थाना के एसआई सुनील पांडेय दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव को फिलहाल चक्रधरपुर रेलवे अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखा गया है।
पुलिस आसपास के ग्रामीणों से मृतक की पहचान कराने की कोशिश कर रही है और यह भी जांच कर रही है कि आखिर युवक पोल पर कैसे चढ़ा। फिलहाल गांव में इस घटना को लेकर शोक और चर्चा का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मृतक की पहचान होने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

