Jamshedpur : छोटा गोविंदपुर में जन वितरण प्रणाली की एक दुकान पिछले कई दिनों से बंद रहने के कारण लोगों का सब्र का बांध टूट गया। राशन डीलर द्वारा न तो दुकान खोली जा रही है और न ही फोन रिसीव किया जा रहा है। इससे नाराज ग्रामीणों ने बुधवार को डीलर की बंद दुकान के सामने जोरदार प्रदर्शन किया। सुबह से जिला परिषद सदस्य पारितोष सिंह राशन डीलर को फोन लगा रहे थे मगर, उनका फोन नॉट रीचेबल बता रहा था।
प्रदर्शन का नेतृत्व जिला परिषद सदस्य परितोष सिंह ने किया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर संबंधित एमओ से बात की। मामले की जानकारी मिलने पर एमओ ने मामले की जांच शुरू कर दी है। लोगों को आश्वासन दिया कि पूरे मामले की जांच की जाएगी और यदि डीलर दोषी पाया गया तो उसका लाइसेंस रद्द कर दिया जाएगा।
ग्रामीणों का आरोप है कि मां मंगला स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित यह राशन दुकान आए दिन बंद रहती है। राशन कार्डधारक लगातार दुकान का चक्कर काटते हैं, लेकिन हर बार उन्हें निराश होकर लौटना पड़ता है।
स्थिति गंभीर होती देख जिला परिषद सदस्य ने विशिष्ट अनुभाजन अधिकारी से भी बात की और साफ कहा कि जब तक लोगों को अनाज नहीं मिलेगा, वे वहां से नहीं हटेंगे। अधिकारियों ने लोगों को भरोसा दिलाया कि जल्द से जल्द राशन वितरण कराया जाएगा। बाद में कई घंटे चले प्रदर्शन के बाद दुकान संचालक मौके पर पहुंचा और अनाज वितरण चालू हुआ। इस घटना से इलाके में आक्रोश का माहौल है और ग्रामीण प्रशासन से तत्काल ठोस कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

