Ranchi : झारखंड की जेल व्यवस्था में एक अहम और सकारात्मक बदलाव किया गया है। अब राज्य की विभिन्न जेलों में बंद कैदियों के लिए ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर की सुविधा शुरू कर दी गई है। इस नई व्यवस्था से कैदियों के परिजनों को बड़ी राहत मिलेगी और जेलों में नकद लेन-देन से जुड़े भ्रष्टाचार पर भी प्रभावी रोक लगेगी।
अब तक जेलों में कैदियों को पैसे या सामान पहुंचाने की प्रक्रिया नकद और जटिल थी, जिसमें पारदर्शिता की कमी के कारण कई बार अवैध वसूली और कमीशनखोरी की शिकायतें सामने आती थीं। इन्हीं समस्याओं को खत्म करने के लिए आपदा प्रबंधन एवं कारा विभाग ने डिजिटल भुगतान प्रणाली लागू की है।
घर बैठे भेज सकेंगे पैसे
नई व्यवस्था के तहत कैदियों के परिजन अब मोबाइल या कंप्यूटर के जरिए घर बैठे ही ऑनलाइन पैसा ट्रांसफर कर सकेंगे। यह राशि सीधे जेल कैंटीन से जुड़े खाते में जमा होगी, जिससे कैदी अपनी जरूरत का सामान खरीद सकेंगे। इससे परिजनों को बार-बार जेल के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
हर कैदी का बनेगा डिजिटल अकाउंट
जेल आईजी सुदर्शन मंडल के अनुसार, सभी कैदियों के लिए डिजिटल अकाउंट तैयार किए जा रहे हैं। फिलहाल एक्सिस बैंक के सहयोग से यह सुविधा शुरू की गई है। कैदी अपने खाते में जमा राशि से साबुन, तेल, टूथपेस्ट, बिस्किट, नमकीन जैसी दैनिक जरूरतों की वस्तुएं जेल कैंटीन से ले सकेंगे।
भ्रष्टाचार पर लगेगी लगाम
डिजिटल लेन–देन से पूरे सिस्टम का रिकॉर्ड ऑनलाइन उपलब्ध रहेगा। इससे नकद लेन–देन में होने वाली गड़बड़ियों पर अंकुश लगेगा और जेल व्यवस्था में पारदर्शिता आएगी।
जेल प्रशासन और परिजनों दोनों को राहत
जेल कैंटीन से जुड़े बैंक खाते का विवरण कैदियों के परिजनों को उपलब्ध कराया जाएगा। इससे अवैध लेन–देन की संभावना खत्म होगी और जेल प्रशासन का काम भी आसान हो जाएगा। माना जा रहा है कि यह पहल झारखंड की जेल व्यवस्था में सुधार और भरोसे की दिशा में एक बड़ा कदम है।
Read also Jamshedpur News : मानगो बनेगा नया पुलिस अनुमंडल, उच्चस्तरीय समिति ने दी स्वीकृति

