
Jamshedpur : साकची में बसंत टॉकीज के नजदीक भाजपा कार्यालय के सामने सोमवार देर रात कार सवार पांच युवकों ने जमकर हंगामा किया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, युवक कथित तौर पर नशे की हालत में थे। उन्होंने सड़क से गुजर रहे लोगों के साथ गाली-गलौज की और मारपीट पर उतारू हो गए। करीब 20 मिनट तक इलाके में अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटनास्थल से कुछ दूरी पर पुलिस का पीसीआर वाहन मौजूद था। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही कार सवार युवकों ने भागने की कोशिश की। इस दौरान उनकी कार की चपेट में आने से कई वाहनों को टक्कर लगने की बात सामने आई है।
स्थानीय लोगों और पुलिस की तत्परता से युवक मौके से भाग नहीं सके। बाद में अतिरिक्त पुलिस बल के पहुंचने पर पांचों युवकों को पकड़ लिया गया। बताया जाता है कि इस दौरान युवकों ने पुलिसकर्मियों के साथ भी उलझने की कोशिश की।
कार की तलाशी के दौरान शराब, बेसबॉल बैट और अन्य सामान मिलने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद इलाके में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। फिलहाल मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान और आगे की कार्रवाई की पुष्टि नहीं हुई।

