Home » Ramgarh Crime: ​रामगढ़ में खौफनाक रात! आउटसोर्सिंग कंपनी के गार्ड को मारी 5 गोलियां, पर्चा फेंककर दी खुली धमकी

Ramgarh Crime: ​रामगढ़ में खौफनाक रात! आउटसोर्सिंग कंपनी के गार्ड को मारी 5 गोलियां, पर्चा फेंककर दी खुली धमकी

​उरीमारी की न्यू बिरसा परियोजना में नकाबपोश बदमाशों का उत्पात; पुलिस छानबीन में जुटी, राहुल दुबे गैंग का कनेक्शन

by Kanchan Kumar
Ramgarh New Birsa Project Firing
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

​रामगढ़: सोमवार की देर रात उरीमारी क्षेत्र गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल गया। न्यू बिरसा कोयला परियोजना में ड्यूटी पर तैनात एक सुरक्षा गार्ड पर बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस खूनी खेल में गार्ड को पांच गोलियां लगी हैं। उनकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।

​पेट और अंगों में धंसी गोलियां, रांची रेफर

​मिली जानकारी के अनुसार, हजारीबाग जिले के पदमा पंचायत (लाठी गांव) निवासी विवेक कुमार ओझा आउटसोर्सिंग कंपनी ‘सैनिक’ में सुरक्षा गार्ड के तौर पर तैनात थे। सोमवार की रात जब वे अपनी ड्यूटी पर थे, तभी अचानक पहुंचे बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाकर अंधाधुंध गोलियां चला दीं। विवेक को तीन गोलियां पेट में, एक हाथ और एक पैर में लगी है। गंभीर हालत में उन्हें तुरंत रांची के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उनकी जान बचाने में जुटी है।

​मौके पर पर्चा फेंककर नेताओं को धमकी

​वारदात को अंजाम देने के बाद बेखौफ अपराधी मौके से फरार हो गए। जाते-जाते वे दहशत का एक और सामान छोड़ गए। बदमाशों ने घटनास्थल पर एक पर्चा फेंका है, जिसमें झामुमो नेता सोनाराम मांझी और विस्थापित नेता संजय करमाली को निशाना बनाते हुए धमकी दी गई है। पर्चे में संपर्क नहीं करने पर अंजाम भुगतने की बात लिखी है। चर्चा है कि इस खौफनाक वारदात के पीछे कुख्यात राहुल दुबे गैंग के गुर्गों का हाथ हो सकता है, हालांकि पुलिस अभी हर पहलू की आधिकारिक जांच कर रही है।

​7 खोखे बरामद, सहम उठे कंपनी के कर्मचारी

​वारदात की सूचना मिलते ही उरीमारी ओपी प्रभारी रथू उरांव और बड़कागांव इंस्पेक्टर अनवर अली खान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से सात खोखे बरामद किए हैं। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद न्यू बिरसा परियोजना क्षेत्र के तमाम कर्मियों और स्थानीय लोगों में भारी दहशत का माहौल है। प्रोजेक्ट की सुरक्षा व्यवस्था पर भी अब गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं। फिलहाल, पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की तलाश में ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है।

Read Also: Ramgarh Navratri News: आस्था की अनूठी मिसाल! ​सीने पर कलश और कांटों का बिस्तर… रामगढ़ की इस महिला की कठिन तपस्या देख दंग रह जाएंगे आप

Related Articles

Leave a Comment