रांची : झारखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। राज्य के कई जिलों में अगले कुछ दिनों तक तेज हवा, बारिश और वज्रपात की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य में 23 मई तक मौसम अस्थिर बना रह सकता है। राजधानी रांची समेत कई जिलों में आज आंधी के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने के आसार हैं। वहीं आज कुछ इलाकों में गर्जन और वज्रपात को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल झारखंड के तापमान में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। हालांकि राज्य के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। अगले पांच दिनों के दौरान तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बावजूद वातावरण में नमी बढ़ने और हवाओं की दिशा बदलने से प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो रही हैं।
इन जिलों में बारिश और तेज हवा की संभावना
मौसम विभाग ने रविवार को रांची, रामगढ़, बोकारो, खूंटी, गुमला समेत कई जिलों में तेज हवा के साथ बारिश की संभावना जताई है। 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। इसके साथ ही कई इलाकों में वज्रपात होने की आशंका भी बनी हुई है।
राज्य के उत्तर-पश्चिमी हिस्से को छोड़कर अधिकांश जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान मौसम खराब रह सकता है। कई क्षेत्रों में बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश दर्ज की जा सकती है। मौसम वैज्ञानिकों ने खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने की सलाह दी है।
23 मई तक वज्रपात और आंधी का अलर्ट
मौसम विभाग ने 19 मई के लिए धनबाद और कोडरमा से सटे जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में गर्जन, तेज हवा और वज्रपात की आशंका अधिक बताई गई है। वहीं 20 मई से 22 मई तक राज्य के कई हिस्सों में तेज हवा और बिजली गिरने की संभावना बनी रहेगी।
बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण झारखंड में मौसम तेजी से बदल रहा है। इसका असर प्री-मानसून गतिविधियों के रूप में देखा जा रहा है। यही वजह है कि राज्य के कई हिस्सों में लगातार बादल और बारिश की स्थिति बन रही है।
झारखंड में समय से पहले मानसून आने के संकेत
इस बार झारखंड में मानसून सामान्य समय से पहले दस्तक दे सकता है। प्रारंभिक संकेतों के मुताबिक, राज्य में 7 जून तक मानसून पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। यदि मौसम प्रणाली इसी तरह सक्रिय रही तो किसानों को भी राहत मिल सकती है। प्री-मानसून गतिविधियों के कारण वातावरण में नमी बढ़ी है, जिससे गर्मी का असर कुछ कम हुआ है। राजधानी रांची सहित कई जिलों में दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में भी लोगों को गर्मी से आंशिक राहत मिलती रहेगी।
डाल्टनगंज रहा सबसे गर्म
राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान डाल्टनगंज में 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 35.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, बादल और बारिश की वजह से फिलहाल तापमान नियंत्रित बना हुआ है।
Read Also- Jharkhand Weather Update : आज से बदलेगा मौसम का मिजाज, कई जिलों में आंधी-बारिश और वज्रपात का अलर्ट

