देवघर : अज्ञात बाइक की चपेट में आकर एक अधेड़ की मौत हो गई। मृतक 50 वर्षीय जयदेव महरा जिले के पथरौल थाना क्षेत्र के पिपरा गांव का रहने वाला था। घटना के संबंध में मृतक के भाई जागेश्वर महरा ने बताया कि उसका बड़ा भाई जयदेव राज मिस्त्री का काम करता था। रात को सारवां थाना क्षेत्र के सिरसा गांव स्थित काली मंदिर में आयोजित यज्ञ देखने के लिए घर से निकला था। रात को 11 बजे वह यज्ञ देखकर बाइक से वापस घर लौट रहा था। इस दौरान सिरसा मोड के पास एक अज्ञात बाइक सवार तेजी से गाड़ी चलाते हुए आया और उसकी बाइक में टक्कर मार दिया। हादसे में जयदेव के सिर पर गहरी चोट लगी। उसने हेलमेट नहीं पहन रखा था। उसे स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल लाया गया। यहां पहुंचने पर डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। मृतक अपने पीछे पत्नी, तीन बेटी व दो बेटा छोड़ गया है। तीनों बेटी की शादी हो गई है और दोनों बेटा अभी पढ़ाई कर रहा है। उसकी कमाई पर ही घर का पूरा खर्च निर्भर करता था। उसकी हादसे में मौत हो जाने से पूरे परिवार पर घोर आर्थिक संकट आ गया है।


