Jamshedpur (Jharkhand) : जोहार झारखंड श्रमिक महासंघ ने टाटा स्टील कंपनी परिसर स्थित न्यू बार मिल (ऑपरेशन ग्रुप) में काम कर रहे कर्मचारियों के फुल एंड फाइनल सेटलमेंट में गड़बड़ी, ओवरटाइम बकाया भुगतान रोकने और गेट पास ब्लॉक करने जैसी शिकायत जिला प्रशासन, श्रम विभाग और कंपनी प्रबंधन से की है।
यूनियन का कहना है कि विवेक कंस्ट्रक्शन वेंडर के अधीन श्रमिकों ने लगातार 4 साल 4 माह तक सेवा दी, लेकिन टेंडर समाप्ति की जानकारी समय पर नहीं दी गई। कॉन्ट्रैक्टर सेल की रिपोर्ट में प्रत्येक कर्मचारी का फुल एंड फाइनल लगभग ₹65,000 से अधिक दर्शाया गया था, लेकिन वास्तविक भुगतान मात्र ₹15,000 से ₹17,000 तक ही किया गया।
श्रमिकों का आरोप है कि पिछले 4.5 वर्षों का ओवरटाइम बकाया (डबल रेट) आज तक नहीं दिया गया, जबकि औसतन हर मजदूर ने प्रतिमाह 80 से 120 घंटे अतिरिक्त कार्य किया।
यूनियन ने आरोप लगाया कि कंपनी के कुछ अधिकारी और वेंडर मजदूरों का शोषण कर रहे हैं। यहां तक कि जब कोई श्रमिक अपने अधिकार की मांग करता है, तो उसका गेट पास ब्लॉक कर दिया जाता है। हाल ही में दीपक प्रधान नामक कर्मचारी का गेट पास नवीनीकरण रोकने का मामला सामने आया है।
यूनियन ने इस पर तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए कहा है कि यदि मजदूरों के साथ न्याय नहीं हुआ तो यह मामला औद्योगिक माहौल के लिए घातक साबित होगा।

