
रांची: झारखंड में मौसम के बदले मिजाज और चक्रवाती असर का असर अब प्रतियोगी परीक्षाओं पर भी साफ दिखने लगा है। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने अभ्यर्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए एक बड़ा फैसला लिया है। झारखंड सहायक कारापाल प्रतियोगिता परीक्षा-2025 के तहत होने वाली शारीरिक मापदंड एवं दक्षता परीक्षा की तारीखों में बदलाव कर दिया गया है।
क्यों बदली गई तारीखें?
पहले यह शारीरिक दक्षता परीक्षा 28 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाली थी। लेकिन, चक्रवात अर्नब के कारण रांची में भारी बारिश की आशंका और पुलिस मुख्यालय से मिले आधिकारिक दिशा-निर्देशों को ध्यान में रखते हुए आयोग ने परीक्षा को फिलहाल स्थगित करने का निर्णय लिया। अब रांची के डोरंडा स्थित जैप-1 ग्राउंड में होने वाली यह परीक्षा 18, 19, 20 और नवंबर की 21 तारीख को नए सिरे से आयोजित की जाएगी। आयोग ने साफ किया है कि इस बदलाव के अलावा परीक्षा का बाकी सारा शेड्यूल और नियम पहले जैसे ही रहेंगे।
84 पदों के लिए कड़ा मुकाबला
यह परीक्षा युवाओं के बीच काफी चर्चा में है, क्योंकि कुल 84 पदों के लिए 56,304 उम्मीदवारों ने आवेदन किया है और वे मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। परीक्षा राज्य के तीन प्रमुख केंद्रों पर हो रही है-रांची के जैप-1 ग्राउंड में 25,215 अभ्यर्थी, हजारीबाग के कर्जन ग्राउंड में 19,926 अभ्यर्थी और गोड्डा के राजेंद्र स्टेडियम (महागामा) में 11,163 अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं।
इस हिसाब से देखा जाए तो हर एक पद के लिए औसतन करीब 670 उम्मीदवारों के बीच कांटे की टक्कर है। चूंकि शारीरिक दक्षता परीक्षा पास करने वाले युवा ही आगे की चयन प्रक्रिया में जा सकेंगे, इसलिए सभी की निगाहें इस दौड़ और नाप-जोख पर टिकी हैं। फिलहाल, नई तारीख मिलने से अभ्यर्थियों को अपनी तैयारी को और पक्का करने का थोड़ा और वक्त जरूर मिल गया है।

