एंटरटेनमेंट डेस्कः कॉमेडियन कपिल शर्मा और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स का 36 का आंकड़ा है, वे जब भी कुछ पोस्ट करते है, वो विवादों में आ जाता है। इस बार भी कपिल अपने सवालों को लेकर ट्रोल हो गए है। कपिल पर बॉडी शेमिंग का इल्जाम लगाया जा रहा है। जिसका उन्होंने जवाब भी दिया है। हाल ही में फिल्म डायरेक्टर एटली कपिल शर्मा के शो में आए थे। इस दौरान कपिल शर्मा ने एटली से एक सवाल किया जिसे लेकर सोशल मीडिया पर लोगों ने उनकी आलोचना की।
क्या कहा था कपिल शर्मा ने
दरअसल कपिल के पॉपुलर शो द कपिल शर्मा शो में फिल्म बेबी जॉन के प्रोमोशन के लिए फिल्म की पूरी टीम आई, जिसमें एटली के अलावा वरूण धवन, कीर्ति सुरेश समेत कई अन्य कलाकार भी पहुंचे थे। शो के दौरान कपिल ने एटली से सवाल पूछा। कपिल ने पूछा कि सर, आप इतने जवान हो, प्रोड्यूसर-डायरेक्टर हो गए है, कभी ऐसा हुआ कि आप किसी स्टार से मिलने गए हो और उन्हें लगा हो कि आप एटली नहीं है औऱ उन्होंने पूछा हो कि एटली कहां है।
जवाब में एटली ने कहा, थैंक्स टू……
इस पर एटली ने जवाब दिया कि मैं समझ गया आप क्या पूछना चाहते है। मैं मुरूगादास सर का बहुत शुक्रगुजार हूं। उन्होंने मेरी पहली फिल्म प्रोड्यूस की और उन्होंने मुझसे स्क्रिप्ट के बारे में पूछा और यह नहीं पूछा कि मैं कैसा दिखता हूं। उन्हें मेरा नैरेशन पसंद आया। आगे एटली ने कहा कि लोगों को सूरत नहीं बल्कि काम से प्रभावित होना चाहिए। लोगों को दिल से जज करना चाहिए।
कपिल ने सफाई में कहा- कृपया निगेटिविटी न फैलाएं
अब इसी सवाल-जवाब को लेकर लोग कपिल को सोशल मीडिया पर ट्रोल कर रहे है। इसकी सफाई में कपिल ने एक्स पर उस सवाल का एक वीडियो पोस्ट किया और लिखा कि आप मुझे बताएंगे कि मैंने कब और कहां उनसे उनके लुक्स को लेकर सवाल पूछा। कृपया करके सोशल मीडिया पर नाकारात्मकता न फैलाएं और लोगों से निवेदन किया कि आप खुद देखें और तय करें।


