Dumka : झारखंड में दुमका शहर के वीर कुंवर सिंह चौक पर रविवार की देर रात बांस लदी चाइना ट्राॅली के धक्के से घायल 24 वर्षीय राहुल दास को फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक नगर थाना क्षेत्र के मोचीपाड़ा का रहने वाला था और एक कंपनी में डिलीवरी ब्वॉय के रूप में काम करता था। परिजनों ने पुलिस और अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। पूरे मामले की जांच और दोषी पर कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर सोमवार को आक्रोशित लोगों ने जेल रोड स्थित दुर्गा स्थान के पास सड़क जाम कर दी है।
गौरतलब है कि राहुल ई कॉमर्स कंपनी में डिलीवरी ब्वाय के रूप में काम करता था। रविवार रात किसी दोस्त का फोन आने पर वह घर से निकल गया। सुबह करीब चार बजे के राहुल के परिजनों को इसकी जानकारी मिली। घरवाले जब अस्पताल पहुंचे तो वहां युवक का शव पड़ा हुआ था। मृतक के भाई मुकेश का कहना है कि देर रात वीर कुंवर सिंह चौक पर बांस लोड चाइना ट्राॅली राहुल को धक्का मार कर फरार हो गया। घटना के काफी देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची और राहुल को अस्पताल पहुंचा कर चली गई।
समय पर नहीं शुरू हो सका राहुल का इलाज
अस्पताल में डॉक्टर ने समय पर इलाज शुरू नहीं किया। अगर समय पर इलाज शुरू होता तो हो सकता था राहुल की जान बच जाती। उसने अस्पताल में लगे सीसीटीवी फुटेज दिखाने की मांग की है ताकि स्पष्ट हो सके कि कितने बजे राहुल को अस्पताल लाया गया और कब इलाज शुरू किया गया। पुलिस राहुल को अस्पताल पहुंचा कर लौट गई या फिर इलाज शुरू होने तक अस्पताल में मौजूद रही।
घटना का सीसीटीवी फुटेज दिखाने, मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए आक्रोशित लोगों ने जेल रोड स्थित दुर्गा मंदिर के पास रोड जाम कर दिया। प्रशासनिक स्तर पर लोगों को समझाने का प्रयास जारी था।

