कोडरमा : झारखंड में अपराधियों की बेशर्मी ने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। कोडरमा के एक वॉटरफॉल पर घूमने गए नाबालिग छात्र-छात्रा की मासूमियत को हथियार की नोंक पर कुचल दिया गया। जबरन वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी, फिर ऑनलाइन पैसे की वसूली। इस सनसनीखेज घटना ने न सिर्फ सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि यह भी सोचने पर मजबूर कर दिया है कि आखिर सैलानी स्थलों पर नाबालिगों की सुरक्षा कितनी सुरक्षित है?
कहां की है घटना
यह घटना झारखंड के कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र स्थित जरगा पंचायत के वृन्दाहा वॉटरफॉल की है।
बाइक रोककर शुरू हुआ उत्पीड़न
पीड़ित नाबालिग छात्र के अनुसार, गुरुवार सुबह वह अपने ही स्कूल की एक छात्रा के साथ बाइक से वृन्दाहा वॉटरफॉल घूमने गया था। लौटते समय सुनसान रास्ते पर कुछ अज्ञात युवक पहुंचे और उनकी बाइक रोक ली। बदमाशों ने जबरन बाइक की चाबी निकाल ली, जिससे दोनों नाबालिग वहीं फंस गए। इसके बाद आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी और डराने-धमकाने लगे।
हथियार दिखाकर शारीरिक संबंध का दबाव
पीड़ित ने बताया कि आरोपियों ने हथियार का भय दिखाकर छात्र और छात्रा पर जबरन शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाला। इसी दौरान बदमाशों ने मोबाइल फोन से दोनों का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो बनाने के बाद आरोपियों ने उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी और 10 हजार रुपये की मांग की।
एमएमएस वायरल करने की धमकी, ऑनलाइन वसूली
डरे-सहमे नाबालिग छात्र ने किसी तरह अपने दोस्तों से मदद मांगी। उसने अलग-अलग मित्रों से पैसे मंगवाकर कुल 4,635 रुपये की व्यवस्था की। आरोपियों में से एक युवक के खाते में यह राशि ऑनलाइन ट्रांसफर करवाई गई। पैसे मिलने के बाद बदमाश वहां से फरार हो गए, तब जाकर छात्र-छात्रा उनके चंगुल से निकल सके।
जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद नाबालिग छात्र सीधे तिलैया थाना पहुंचा और पूरे मामले की लिखित शिकायत पुलिस को सौंपी। तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पीड़ित की निशानदेही पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

