कोडरमा : बच्चे जामुन तोड़ने गए थे। मौसम का मिजाजा बदला-बदला था। उमस भरी गर्मी एवं तपिश से राहत थी। बच्चे पेड़ के पास मजे कर रहे थे। तभी अचानक कड़क व चमक के साथ आकाश से मौत टपकी। इसकी चपेट में आने से जामुन तोड़ने गए बच्चे की जान चली गई। घटना सोमवार को मरकच्चो प्रखंड के कोडरमा-गिरिडीह सीमा क्षेत्र स्थित घोसकेडीह गांव में घटी।
आकाशीय बिजली (वज्रपात) की चपेट में आने से 10 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि एक अन्य बच्चा घायल हो गया है। घायल बच्चे का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
मृतक की पहचान अभिनीत उर्फ विशाल कुमार (10) के रूप में हुई है, जबकि घायल बच्चे की पहचान सतीश यादव (13) के रूप में की गई है। दोनों बच्चे गांव के अन्य साथियों के साथ घर के सामने स्थित एक जामुन के पेड़ पर जामुन तोड़ने गए थे।
स्थानीय लोगों के अनुसार, शनिवार दोपहर अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। तेज हवा एवं बारिश के साथ बादलों की गर्जना शुरू हो गई। इस दौरान जामुन के पेड़ पर अचानक आकाशीय बिजली गिरी। वज्रपात की चपेट में आकर अभिनीत और सतीश गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अन्य बच्चे किसी तरह सुरक्षित बच निकले।
घटना के तुरंत बाद परिजन और ग्रामीण दोनों बच्चों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मरकच्चो ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद अभिनीत की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि सदर अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घायल की हालत में हो रहा सुधार
वहीं घायल सतीश यादव का इलाज किया गया और उसकी स्थिति अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत में लगातार सुधार हो रहा है।
अभिनीत की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में भी मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि अभिनीत मिलनसार और होनहार बच्चा था, जिसकी अचानक मौत से पूरा गांव स्तब्ध है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बारिश और वज्रपात के दौरान पेड़ों के नीचे शरण लेने से बचने तथा मौसम खराब होने पर खुले स्थानों से दूर रहने की अपील की है। प्रशासन ने भी लोगों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने और खराब मौसम के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
Read Also: Jharkhand Bureaucracy : नौकरशाही : विभागीय सीढ़ी का सहारा

