Home » Koderma News : बिहार से अपहृत ई-रिक्शा चालक कोडरमा डोमचांच के जंगल से बरामद, 24 घंटे में पुलिस ने कराया मुक्त

Koderma News : बिहार से अपहृत ई-रिक्शा चालक कोडरमा डोमचांच के जंगल से बरामद, 24 घंटे में पुलिस ने कराया मुक्त

by Mujtaba Haider Rizvi
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Koderma : बिहार के नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र से अपहृत 55 वर्षीय ई-रिक्शा चालक पप्पू राय को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। अपहरण के बाद उसे झारखंड के कोडरमा जिले के डोमचांच थाना क्षेत्र के जंगल में छिपाकर रखा गया था। नवादा पुलिस की एसआईटी ने कोडरमा पुलिस के सहयोग से कार्रवाई करते हुए उसे मुक्त कराया। मामले में रजौली थाना क्षेत्र के मसई गांव निवासी अंकित कुमार को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की है।

पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर को सिमरकोल के समीप से अज्ञात अपराधियों ने पप्पू राय का अपहरण कर लिया था। इसके बाद उसके स्वजनों से 80 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई। घटना की सूचना मिलने पर रजौली थाना में कांड संख्या 498/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई।

सीसीटीवी और तकनीकी जांच से मिला सुराग

मामले की गंभीरता को देखते हुए नवादा एसपी के निर्देश पर रजौली एसडीपीओ के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ संदिग्ध मोबाइल नंबरों की तकनीकी निगरानी शुरू की। इसी दौरान पुलिस को अपहरण से जुड़े लोगों के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिला।

तकनीकी जांच के आधार पर अंकित कुमार को पकड़ा गया। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में उसकी भूमिका लाइनर के रूप में सामने आई। उसकी निशानदेही पर नवादा पुलिस की टीम कोडरमा पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से डोमचांच के जंगल में छापेमारी कर पप्पू राय को सकुशल बरामद कर लिया।

पुलिस अब अपहरण की साजिश में शामिल अन्य लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि पप्पू राय को रजौली से डोमचांच तक किस तरह लाया गया। गिरफ्तार आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

Related Articles

Leave a Comment