
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर मुख्य मार्ग स्थित प्रसिद्ध ‘रश्मि इलेक्ट्रॉनिक्स’ दुकान में अपराधियों ने एक बार फिर बड़ी दुस्साहसिक चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। मात्र दो महीने के भीतर एक ही दुकान में दोबारा हुई इस भीषण चोरी कांड से जहां एक ओर पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है, वहीं दूसरी तरफ स्थानीय कारोबारियों में गहरा आक्रोश और डर व्याप्त है।
30 लाख रुपये के करीब 100 मोबाइल गायब
दुकान के संचालक आशीष पाड़िया के अनुसार चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर बड़ी सफाई से कीमती सामान उड़ाया। शुरुआती आकलन में पता चला है कि दुकान से करीब 100 महंगे स्मार्टफोन गायब हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 25 से 30 लाख रुपये बताई जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि चोरी गए कुल सामान और उसके सटीक मूल्य का पूरा ब्योरा इन्वेंट्री (स्टॉक लिस्ट) के मिलान के बाद ही सामने आ पाएगा।
फॉरेंसिक और CID की टीम ने संभाला मोर्चा
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभाग तुरंत हरकत में आ गया है। चक्रधरपुर थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने बताया कि पीड़ित कारोबारी की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले के त्वरित खुलासे के लिए विशेष अनुसंधान टीम (SIT) का गठन किया गया है। साथ ही फॉरेंसिक विशेषज्ञों और सीआईडी (CID) की टीम ने भी घटनास्थल का मुआयना कर फिंगरप्रिंट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस दुकान और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज को खंगालकर चोरों के सुराग तलाश रही है।
दो महीने पहले भी हुई थी लाखों की चोरी
उल्लेखनीय है कि इसी रश्मि इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में हाल ही में 23 जुलाई 2026 को भी अपराधियों ने धावा बोला था। उस वक्त चोर लाखों रुपये के आईफोन, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चुरा ले गए थे। दो महीने के भीतर एक ही प्रतिष्ठान को दोबारा निशाना बनाए जाने से शहर के व्यापारियों में भारी असंतोष है और उन्होंने पुलिस गश्त बढ़ाने तथा अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
चक्रधरपुर में दो माह में दूसरी चोरी, चाईबासा चैंबर ने सुरक्षा पर उठाए सवाल
पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर चाईबासा चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं। चैंबर के अध्यक्ष संजय चौबे ने कहा कि व्यापारी खुद को असहाय और असुरक्षित महसूस कर रहे हैं, क्योंकि प्रशासन द्वारा पर्याप्त सुरक्षा नहीं दी जा रही है। उन्होंने कहा कि चक्रधरपुर के सदस्य रश्मि इलेक्ट्रॉनिक्स के संचालक आशीष पाडिया के यहां दो महीने के अंदर दूसरी बार चोरी होना पुलिस प्रशासन के लिए खुला चैलेंज है।
संजय चौबे ने बताया कि पहले भी उनके यहां करीब 60 लाख रुपये की चोरी हुई थी, जिसका अब तक कोई रिकवरी नहीं हो पाई है। दोबारा चोरी होने से पुलिस की गश्ती व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों पर सवालिया निशान लग रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि व्यापारियों की सुरक्षा के लिए रात्रि गश्ती बढ़ाई जाए और चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा कर अपराधियों को गिरफ्तार किया जाए, ताकि व्यापारियों में सुरक्षा का भाव बना रहे।

