नई दिल्ली/Monsoon Update: अभी उत्तर भारत के कई राज्यों में भीषण गर्मी पड़ रही है। भारतीय मौसम विभाग की ओर से लगातार अलर्ट जारी किया जा रहा है] ताकि लोगों को कम से कम नुकसान पहुंचे। हाल के दिनों में लू की चपेट में आने से लगातार मौत की घटनाएं सामने आ रही हैं। ऐसे में लोगों को काफी सावधान व सतर्क होने की जरूरत है। मौसम विभाग के अनुसार, भीषण गर्मी में सुबह 11 से दोपहर तीन बजे तक घर से निकलने से बचें। इस दौरान लू लगने की संभावना सबसे अधिक रहती है। अगर, समय पर इलाज नहीं मिला तो मरीज की जान भी जा सकती है।
Monsoon Update: दिल्ली सहित इन राज्यों में लू का अलर्ट
दिल्ली सहित उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब में भीषण गर्मी पड़ रही है। इसके साथ ही पहाड़ी राज्यों में हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के भी अधिकांश जिले लू की चपेट में है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने इन दोनों राज्यों में लू का अलर्ट जारी किया है। वहीं, दिल्ली में अगले तीन दिनों तक लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। शनिवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं, पंजाब में 18 जून तक लू चलने की संभावना है। यहां शनिवार को अधिकतम तापमान 47.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जम्मू संभाग में भी 20 जून तक लू चलने की संभावना है। यहां शनिवार को अधिकतम तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
Monsoon Update: भीषण गर्मी से बिहार में 13 की मौत
बिहार में भी भीषण गर्मी पड़ रही है। यहां शनिवार को विभिन्न जिलों से दर्जनों लोग चू की चपेट में आकर अस्पताल पहुंचे, जिसमें 13 की मौत होने की सूचना है। मृतकों में औरंगाबाद जिले के पांच, सारण व गया के तीन-तीन तथा रोहतास व भोजपुर के एक-एक व्यक्ति शामिल हैं। शनिवार को बिहार में सबसे गर्म जिला बक्सर रहा। यहां का तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, सासाराम और भोजपुर का अधिकतम तापमान 45.5 डग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
Monsoon Update: गुजरात में अटका है दक्षिण-पश्चिम मानसून
मौसम विभाग के अनुसार, देश में मानसून समय से पूर्व प्रवेश कर चुका था, लेकिन अब धीमी गति से आगे बढ़ रहा है। ऐसे में लोगों को कुछ समय के लिए इंतजार करना पड़ सकता है। दक्षिण-पश्चिम मानसून ने चार दिन पूर्व गुजरात में प्रवेश किया था, लेकिन अभी भी गुजरात में ही अटका हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, अभी इसी गति से मानसून आगे बढ़ेगा। ऐसे में जिन राज्यों में मानसून नहीं पहुंचा है, वहां के लोगों को इंतजार करना पड़ेगा। वहीं, अगले पांच दिन गुजरात के विभिन्न राज्यों में हल्की आंधी के साथ वर्षा होने की संभावना है।
Monsoon Update: इन राज्यों में भारी वर्षा होने की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार व मंगलवार को देश के उत्तर-पूर्वी हिस्से में भारी बारिश हो सकती है। इसे लेकर मौसम विभाग ने ऑरेंज व रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में दो दिन भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई है। इसके साथ ही आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में वज्रपात और तूफान की भविष्यवाणी भी की गई है। ऐसे में लोगों को सावधान व सतर्क होने की जरूरत है। सरकार का भी इस पर विशेष ध्यान है। लोगों को भी अलर्ट किया गया है।

