
Jamshedpur : बिरसानगर के प्रधान कॉलोनी, जोन नंबर 3ई स्थित एक्सेल इंडिया मॉडल स्कूल में स्वदेशी जागरण मंच की ओर से ‘स्वावलंबी भारत अभियान’ के तहत उद्यमिता प्रोत्साहन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वावलंबन, उद्यमिता और आत्मनिर्भरता की भावना को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम में स्वदेशी जागरण मंच के राष्ट्रीय परिषद सदस्य मनोज सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं टाटा स्टील के कॉर्पोरेट कम्युनिकेशन से जुड़े उदय प्रकाश सिंह ने प्रेरक वक्ता के रूप में विद्यार्थियों को संबोधित किया।
मनोज सिंह और उदय प्रकाश सिंह ने कहा कि भारत को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने में युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। युवाओं को अपनी प्रतिभा, कौशल और रचनात्मक सोच का उपयोग करते हुए केवल रोजगार पाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि भविष्य में रोजगार सृजित करने वाला उद्यमी बनने का लक्ष्य भी रखना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को बदलते दौर की जरूरतों के अनुरूप कौशल विकसित करने और नए अवसरों की तलाश करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान उद्यमिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रयास के लिए कुमारी आभा और आशा सिंह को ‘उद्यमिता सम्मान’ प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने दोनों उद्यमियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके कार्य समाज की अन्य महिलाओं और युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
कार्यक्रम का संचालन स्वदेशी जागरण मंच के प्रांत युवा प्रमुख पंकज कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर एक्सेल इंडिया मॉडल स्कूल की प्रिंसिपल ममता कुमारी, स्वदेशी जागरण मंच की जिला महिला प्रमुख सरोज श्रीवास्तव, जिला प्रचार-प्रसार प्रमुख संगीता श्रीवास्तव, जिला महिला सह-प्रमुख ममता सिंह, कुमारी आभा, आशा सिंह सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और विद्यार्थी मौजूद रहे।

