Ranchi: झारखंड के मुरी–रांची रेलखंड पर किता के पास लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने रेलवे ट्रैक की स्थिति को अस्थिर कर दिया है। बीते चार दिनों से जारी भारी बारिश के कारण अप लाइन पर मिट्टी का बड़ा कटाव हुआ है। इसके चलते पोल संख्या 366 समेत कुल पांच ओवरहेड इलेक्ट्रिक (ओएचई) तार गिर गए। इससे इस मार्ग से गुजरने वाली कई ट्रेनों का संचालन ठप पड़ गया।

स्थिति बिगड़ने के कारण मुरी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को घंटों तक फंसे रहना पड़ा। यात्रियों को खाने-पीने और सफर की अनिश्चितता के कारण भारी परेशानी झेलनी पड़ी।
रेलवे की तकनीकी टीम मौके पर पहुंचकर राहत और मरम्मत कार्य में जुट गई है। जेसीबी मशीन की सहायता से खेतों की मिट्टी को भरकर ट्रैक की ढलान को फिर से स्थिर करने की कोशिश की जा रही है। रेलवे द्वारा मिट्टी की जगह पर सीमेंट से भरे बोरे रखे जा रहे हैं ताकि पानी के दबाव से होने वाले और कटाव को रोका जा सके।
रेलवे अधिकारियों ने जानकारी दी है कि जब तक ट्रैक पूरी तरह से सुरक्षित नहीं हो जाता, मरम्मत का कार्य निरंतर जारी रहेगा। ट्रेनों की आवाजाही सामान्य होने में अभी कुछ और दिन लग सकते हैं।

